Betul News Today: डैम में मिला अज्ञात युवक का शव, घर लौट रहे किसान की सड़क हादसे में मौत, युवक को लगा करंट

Betul News Today: मध्यप्रदेश के बैतूल में एक किसान की खेत से घर लौटते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। गंभीर हालत में किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया। उधर मुलताई में मकान का काम कर रहे एक युवक को करंट लग गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य घटना में जिला मुख्यालय के समीप सापना डैम में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मलकापुर निवासी किसान संजय पिता अर्जुन पंवार (35) खेत गए थे। बुधवार शाम को वे वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में संजय बाइक सहित उछल कर दूर जा गिरे। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे की सूचना किसी ने उनके भाई रूपेश पंवार को दी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, हालांकि तब तक एंबुलेंस उन्हें जिला अस्पताल ले जा चुकी थी। इसके बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। इधर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह संजय की मौत हो गई। बताया जाता है कि इस हादसे में संजय के सिर पर गंभीर चोट आई थी। वहीं उनका एक हाथ भी फ्रैक्चर हो गया था।

बिजली के तार से टकराई रॉड, युवक गंभीर घायल (Betul News Today)

उधर बैतूल जिले के मुलताई में एक मकान निर्माण के दौरान 18 वर्षीय मजदूर को करंट लग गया। उसे पहले मुलताई अस्पताल और फिर उसकी गंभीर हालत के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां युवक का इलाज चल रहा है। डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

रॉड को सीधा करते समय हुआ हादसा (Betul News Today)

जानकारी के अनुसार सलाईढाना निवासी मोनू पन्द्राम मकान निर्माण में मजदूरी कर रहा था। इस दौरान जब मोनू लोहे की रॉड को सीधा कर रहा था तो अचानक वह रॉड ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से टकरा गई। करंट लगने से मोनू गंभीर रूप से झुलस गया।

मुलताई अस्पताल ले गए साथी मजदूर (Betul News Today)

इस पर साथी मजदूर तुरंत उसे मुलताई सामुदायिक अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया। फिलहाल मोनू का जिला अस्पताल बैतूल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

सापना डैम में मिला अज्ञात युवक का शव (Betul News Today)

एक अन्य घटना में जिला मुख्यालय के समीप बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में आने वाले सापना डैम में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। बताया जाता है कि गुरुवार शाम परतापुर के पास डैम में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया था। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पंचनामा बनाया और शव को जिला अस्पताल भिजवाया। युवक लोअर और टी शर्ट पहने हैं। बैतूल बाजार पुलिस उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Leave a Comment