Betul Collector In Action : तीन लापरवाह पटवारी निलंबित, कलेक्टर ने स्कूल का किया निरीक्षण, बच्चों की ली क्लास

▪️ निखिल सोनी, आठनेर
Betul Collector In Action : बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस (IAS Amanbir Singh Bains) ने शासकीय कार्य संपादन में लापरवाही बरतने के आरोप में जिले के तीन पटवारियों को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा आज कलेक्टर श्री बैंस ने आठनेर क्षेत्र अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मूसाखेड़ी के सिवनपाट गांव में स्कूलों का निरीक्षण किया। यहां पर शिक्षकों से बच्चों को दी जा रही शिक्षा के बारे में जानकारी ली और बच्चों को पढ़ाया भी गया।
कलेक्टर श्री बैंस द्वारा जारी आदेश में तहसील भैंसदेही में पदस्थ दो पटवारी निलंबित किए गए हैं। इनमें श्रीमती कीर्ति ठाकुर एवं श्री ताप्ती बारस्कर शामिल हैं। निलंबन अवधि में उक्त दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय तहसील कार्यालय भीमपुर निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार तहसील भीमपुर में पदस्थ सुश्री मीनाक्षी काकोड़े को शासकीय कर्तव्य से लगातार अनुपस्थित रहने के कारण निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उक्त कर्मचारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय आठनेर निर्धारित किया गया है।
सिवनपाट पहुंचे कलेक्टर, मास्टर जी बन कर पढ़ाया
कलेक्टर श्री बैंस ने बुधवार को आठनेर क्षेत्र अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मूसाखेड़ी के सिवनपाट गांव में स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां पर शिक्षकों से बच्चों को दी जा रही शिक्षा के बारे में जानकारी ली। साथ ही बच्चों को भी उनके द्वारा पढ़ाया गया।
- Also Read: PM Jan Dhan Yojana : खाते में नहीं है एक भी रूपया तो इस तरह मिलेंगे 10,000, यहां जानें पूरा प्रोसेस
शिक्षक मनोज गव्हाड़े ने बताया कि कलेक्टर श्री बैंस के द्वारा आज एक दिवसीय दौरे के दौरान स्कूलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सभी शिक्षकों से शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली। बच्चों को भी उनके द्वारा पढ़ाया गया। कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारी एवं शिक्षा विभाग से जुड़े ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे।
ज्ञात हो कि कलेक्टर के द्वारा लगातार सरकारी स्कूलों में पहुंचकर शिक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जा रही है। उनका मुख्य उद्देश्य सरकारी स्कूलों में ग्रामीण बच्चों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिले। साथ ही उन्हें विशेष रुप से मध्यान्ह भोजन का उचित लाभ मिले। कलेक्टर के लगातार दौरे के बाद शिक्षा व्यवस्था में सुधार भी दिख रहा है।
लापरवाह शिक्षकों पर कसा शिकंजा (Betul Collector In Action)
कलेक्टर के लगातार सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करने के बाद लापरवाह शिक्षकों पर शिकंजा कसता जा रहा है। लगातार मीडिया के माध्यम से सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की लापरवाही को लेकर खबरें प्रकाशित की गई थी। इसके बाद कलेक्टर ने गंभीरता दिखाते हुए सरकारी स्कूलों का दौरा शुरू कर दिया। लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई भी कलेक्टर श्री बैंस द्वारा की गई है।



