Bank me chori : स्टेट बैंक के चैनल गेट का ताला काटकर मुंह पर कपड़ा बांधे अज्ञात युवक ने भवन में किया प्रवेश, नहीं खोल पाया तिजोरी
▪️विजय सावरकर, मुलताई
बैतूल जिले के प्रभातपट्टन में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा प्रभातपट्टन के चैनल गेट का ताला तोड़कर मुंह पर कपड़ा बांधे अज्ञात युवक ने भवन में प्रवेश किया। हालांकि युवक भवन में रखी तिजोरी का ताला नहीं खोल पाया। इस स्थिति में युवक ने शाखा भवन में से कौन सा सामान चुराया, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। घटना शुक्रवार रात में घटित हुई है। जिसका खुलासा शनिवार सुबह बैंक कर्मी के बैंक पहुंचने के बाद हुआ। बैंक भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात 11 बजे के दरमियान मुंह पर कपड़ा बांधकर पहुंचे अज्ञात युवक ने बैंक भवन के चैनल गेट का ताला काटकर भवन में प्रवेश किया। युवक ने भवन में प्रवेश करने के बाद सायरन का लॉक बंद कर दिय। जिससे सायरन नहीं बज पाया। युवक भवन के सभी कक्ष में घूमा। उसके बाद कैश रूम की ओर गया। युवक ने कैश रूम का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया।
कैश रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे पर फाइल रखकर कैमरे को ढक दिया। युवक ने तिजोरी का ताला खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया। शनिवार सुबह बैंक कर्मी बैंक पहुंचे तो ताला कटा हुआ दिखा। घटना की जानकारी प्रभातपट्टन के पुलिस सहायता केंद्र में दी। सूचना मिलते ही सहायता केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक उत्तम मस्तकार बैंक पहुंचे। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले।
उप निरीक्षक श्री मस्तकार ने बताया युवक मुंह पर रुमाल बांधे हुए था। इसलिए पहचान नहीं हो पाई है। शाखा प्रबंधक आशीष कुमार ने शिकायत की है। लेकिन, शाखा प्रबंधक ने बैंक भवन से कौन सा सामान चोरी हुआ है या नहीं हुआ, इसकी जानकारी अभी नहीं दी है। वहीं सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध नहीं कराए हैं। फुटेज के आधार पर युवक लगभग 1 घंटे से अधिक समय तक बैंक भवन में मौजूद रहा है। घटना की जांच की जा रही है।



