बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

Accident : जीप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत; पानी भरने गई किशोरी पांव फिसलने से कुएं में गिरी, डायल 100 ने पहुंचाया अस्पताल

भैंसदेही थाना क्षेत्र के गारपठार गांव में इस कुएं में गिरी थी किशोरी।
  • उत्तम मालवीय, बैतूल
    बैतूल जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में बीती रात जीप की टक्कर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर भैंसदेही थाना क्षेत्र में पानी भरते समय एक किशोरी पांव फिसलने से कुएं में गिर गई।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लाखापुर निवासी कैलाश धुर्वे किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ग्राम बाबरिया गया हुआ था। कार्यक्रम के बाद कल देर शाम वह वहां से अपनी बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी बीच भोगीतेड़ा चौक पर एक तेज रफ्तार जीप चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

    दुर्घटना के कुछ देर बाद आठनेर की ओर से लौट रहे पुलिस कर्मियों ने देखा तो उसे अपनी निजी कार से उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। यहां उसका उपचार किया जा रहा था। लेकिन युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। आज सुबह उसका पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

    बताया जाता है कि पुलिस को टक्कर मारने वाली जीप का नंबर भी मिल गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिला अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। आज पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

    कुएं में गिरने से घायल किशोरी का भैंसदेही अस्पताल में चल रहा इलाज।

    उधर भैंसदेही थाना क्षेत्र के गारपठार गाँव में पानी भरने गई बालिका पैर फिसलने के कारण कुएँ में गिर गई। सूचना मिलने पर डायल-112/100 सेवा ने बालिका को उपचार हेतु अस्पताल पहुँचाया है। जानकारी के मुताबिक गारपठार गाँव में एक बालिका कुएँ में गिरने की गई थी। जिसे ग्रामीणों द्वारा बाहर निकाल लिया गया था।

    घायल बालिका को उपचार हेतु अस्पताल ले जाने का साधन नहीं मिल पा रहा था। घटना की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-100 भोपाल में प्राप्त हुई। सूचना प्राप्ति पर तत्काल भैंसदेही थाना क्षेत्र में तैनात डायल 112/100 वाहन को मदद के लिए रवाना किया गया।

    डायल-112/100 एफआरव्ही स्टाफ ने घटना स्थल पर पहुँचकर बताया कि 14 वर्षीय बालिका रुखमी पिता बाजीराव कास्देकर कुएँ पर पानी भरने गयी थी। पैर फिसलने के कारण बालिका कुएँ में गिर गयी थी। जिसे ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया था। डायल-112/100 स्टाफ द्वारा बालिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही पहुँचाया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।

  • उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Back to top button