
Betul Crime News: जिले के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में एक गाय को रस्सियों से बांध कर अप्राकृतिक कृत्य किए जाने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय हिंदू सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और फिर गाय मालिक के साथ पुलिस थाना पहुंचे। उन्होंने आरोपी कुकर्मी पर सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है। घटना से लोगों में खासा रोष है।
राष्ट्रीय हिन्दू सेना के वरिष्ठ सहयोगी योगेश मालवीय ने बताया कि खड़ला गाँव के नजदीक अलकेश बारमासे के खेत में उन्हीं की बछिया बंधी थी। वह कल रात में गायब हो गई थी। जिसको परिवारजनों द्वारा आज सुबह आजू बाजू के क्षेत्र में तलाश करना प्रारंभ किया तो नाले के नजदीक झाड़ियों में गाय को रस्सियों से बांधा पाया गया।
गाय के चारों पैरों को रस्सियों से बांध कर रखा हुआ था। गाय मालिक पुरुषोत्तम बारमासे ने बताया कि गाय के पैरों को रस्सियों से बांध कर रखने के कारण पैरों में चोट के निशान एवं बछिया के पैर सूज जाने के कारण डॉक्टर को बुलाया गया। इसी दौरान डॉक्टर ने गाय के साथ दुष्कर्म होने की जानकारी दी।
इसके बाद हमने राष्ट्रीय हिन्दू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय एवं प्रदेश संयोजक पवन मालवीय को सूचना कर गाय के साथ हुई घटना को बताया। सूचना मिलने पर संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुँचे। विभाग अध्यक्ष दीपक कोसे ने बताया कि गाय के साथ दुष्कर्म करने वाले का बैग मौके पर पाया गया है।
इससे आरोपी युवक की पहचान हो गई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने बैतूल पुलिस अधीक्षक को घटना की सूचना दी एवं बैतूल बाजार थाने में शिकायत दर्ज कर एफआईआर की माँग की है। (Betul Crime News)