बैतूल अपडेट

Betul Ret News : रेत का काला कारोबार… कांग्रेस जिला महामंत्री का आरोप- ठेकेदार के साथ मिल कर करोड़ों के वारे न्यारे कर रहे खनिज अधिकारी

Betul Ret News: Black business of sand... Congress District General Secretary's allegation - Mineral officials are stealing crores of rupees with the contractor

Betul Ret News : रेत का काला कारोबार... कांग्रेस जिला महामंत्री का आरोप- ठेकेदार के साथ मिल कर करोड़ों के वारे न्यारे कर रहे खनिज अधिकारी

Betul Ret News : (बैतूल) जिले में अवैध खनन और परिवहन के नाम पर अंधेर नगरी चौपट राजा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। माफिया खुलेआम अवैध खनन व परिवहन कर रहे हैं, जिसे रोकने वाला कोई नहीं है। जानकारों की माने तो अधिकांश मामलों में खनिज विभाग की मूक सहमति व प्रशासन की अनदेखी है। खनन माफिया खुलेआम खनिज संपदा का दोहन कर रहे हैं और जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे। कार्रवाई न होने से माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और जमकर मनमानी जारी है।

जिले में रेत के इस काले कारोबार का खुलासा करते हुए कांग्रेस के जिला महामंत्री विश्वास ऋषि दीक्षित ने आरोप लगाया कि जिला खनिज अधिकारी ठेकेदार के साथ मिलकर अवैध रेत का खेल खेल रहे हैं। इस खेल में करोड़ों के वारे न्यारे हो रहे हैं। दीक्षित ने आरोप लगाया कि खनिज अधिकारी का भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। रेत ठेकेदार के साथ मिलकर बैतूल जिले की रॉयल्टी बुधनी, सीहोर जिले में अवैध रूप से बेची जा रही है, लाखों करोड़ों के वारे न्यारे हो रहे हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान के माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। सीएम के क्षेत्र बुधनी में अवैध रेत उत्खनन लगातार जारी है। बैतूल जिले का ठेकेदार अवैध रेत 37 रुपए फीट बेच रहा है। ऋषि दीक्षित ने गंभीर आरोप लगाए कि रेत का अवैध उत्खनन शिवराज सिंह चौहान के इशारों पर हो रहा है।

रेत माफियाओं के खिलाफ नहीं बोलते भाजपा नेता

विश्वास दीक्षित ने बताया कि बैतूल जिले का रेत का ठेका 53 करोड़ में लिया गया। ठेका कंपनी ने महीनों पैसे नहीं जमा किए। महीनों बाद मात्र एक गोवाडी खदान को चालू किया, बाकी खदानें बंद हैं। बैतूल जिले का व्यक्ति रेत के लिए परेशान है। रेत से जुड़े मजदूर, गरीब तबके के व्यक्ति, राजमिस्त्री, ट्रैक्टर ट्रॉली वाले जिनका रोजगार रेत से जुड़ा हुआ है, सभी परेशान हैं। बाहर से आए ठेकेदार द्वारा माइनिंग अधिकारी नागवंशी के साथ मिलकर रेत माफियाओं को संरक्षण एवं फायदा पहुंचाया जा रहा है।

दीक्षित ने कहा कि बैतूल जिले के भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता, सांसद रेत माफियाओं के विरुद्ध क्यों कुछ नहीं बोलते। सांसद डीडी उईके और आमला विधायक योगेश पंडाग्रे रेत जैसे मुद्दे पर खामोश क्यों रहते हैं। बैतूल की जनता ने आपको जिताकर विधानसभा और लोकसभा पहुंचाया, केंद्र और राज्य में सत्ता भारतीय जनता पार्टी की है, तो यह रेत माफिया हावी कैसे हो सकते हैं और रेत के मामले पर आप मौन क्यों रहते हैं।

उन्होंने जिले की जनता से अपील करते हुए कहा कि जिले की आम जनता से अपील की है कि रेत माफियाओं के खिलाफ सब एक होकर एक बड़ा आंदोलन करें। कलेक्टर बैतूल के आदेश के बाद भी खनिज विभाग रेत माफियाओं पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाया है। कार्रवाई ना करना खनिज अधिकारी नागवंशी की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह उठाता है।

खोखले साबित हो रहे मुख्यमंत्री के दावे

विश्वास ऋषि दीक्षित ने बताया कि जिले में अवैध खनन एक ऐसा रोग हो गया है, जिसकी जितनी दवा की जाती है, वह उतना बढ़ता जाता है। यानी सरकार नदियों में रेत के अवैध खनन को लेकर जितनी सख्त होने का दावा कर रही है, नदियों का सीना उतना ही छलनी हो रहा है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि अवैध खनन करने वालों के ऊपर मामला दर्ज होगा, लेकिन इसके बावजूद नदी को छलनी किया जा रहा है। रेत का अवैध खनन जोरों पर है।

Related Articles

Back to top button