बैतूल में स्टेडियम के पास बेहोशी की हालत में मिला युवक, कटा हुआ था गला, अस्पताल में कराया भर्ती

Betul Crime News : बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में एक 80 साल के बुजुर्ग की हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। बुजुर्ग की हत्या उसकी 10 एकड़ जमीन को हथियाने के लिए उसी के रिश्तेदार पति-पत्नी ने कर दी थी। पुलिस ने मामले का खुलासा कर महिला समेत आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इधर बैतूल में लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम के पास पश्चिम बंगाल निवासी एक युवक बेहोशी की हालत में मिला है। अज्ञात आरोपियों ने किसी धारदार हथियार से गला काट कर उसकी हत्या का प्रयास किया है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी सिमाला प्रसाद ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में हत्या के मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि थाना रानीपुर में खकरा कोयलारी निवासी सुक्कू मर्सकोले (80) की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। रानीपुर पुलिस ने इस मामले में जांच-पड़ताल कर हत्या के आरोपी रिश्तेदार ज्ञानसिंह मर्सकोले उम्र 65 साल निवासी खकरा कोयलारी और कांता मर्सकोले पत्नी ज्ञानसिंग मर्सकोले उम्र 58 साल निवासी सदर को गिरफ्तार किया गया है।

मृतक की जमीन बनी हत्या की वजह (Betul Crime News)
रानीपुर थाना प्रभारी अपाला सिंह ने बताया कि आरोपी मृतक के रिश्तेदार हैं। मृतक अपने हिस्से की जमीन आरोपी ज्ञानसिंह व उसके भाइयों में बराबर हिस्से में बांटना चाहता था परंतु आरोपी ज्ञानसिंह मर्सकोले निरंतर उसे ऐसा करने से मना कर रहा था। इसी के चलते 29-30 जनवरी 2023 की दरम्यानी रात में पूरी जमीन हड़पने के उद्देश्य से आरोपियों ने सुक्कू की षडयंत्रपूर्वक आग में झुलसा कर हत्या कर दी।
जला शरीर देख कर हुआ था संदेह
आरोपियों द्वारा सुक्कू को आग में झुलसा कर मारने के बाद हत्या को साधारण घटना का रूप देने के लिये हत्या के बाद मृतक की लाश को घटनास्थल पर ना छोड़कर उसकी खटिया पर लिटा दिया। अगले दिन सुबह गांव के कुछ लोगों को इकठ्ठा कर आरोपी ज्ञानसिंह मृतक की लाश को दफनाने की जल्दी करने लगा। इसी बीच लोगों द्वारा जब मृत सुक्कू का जला शरीर देखा गया तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा संपूर्ण मामला संज्ञान में लेते हुए जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की गई।
मामले सुलझाने में इनकी रही भूमिका
इस पूरे मामले को सुलझाने में एसडीओपी सारणी रोशन जैन, थाना प्रभारी अपाला सिंह, उपनिरीक्षक वंशज श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक दीपक मालवीय, लक्ष्मण धुर्वे, प्रधान आरक्षक पूनम तिवारी, बसंती शेषकर, तरुण पटेल व आरक्षक संदीप की मुख्य भूमिका रही
गला कटी हुई अवस्था में मिला युवक
इधर बैतूल शहर के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम के पास एक युवक गला कटी हुई अवस्था में पड़ा मिला है। घायल युवक पश्चिम बंगाल का है। उसे राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिनंदन सरोवर के सामने मंगलवार रात में एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। राहगीरों ने देखा और तत्काल 108 और हंड्रेड डायल को इसकी सूचना दी। राहगीरों द्वारा ही उसे जिला अस्पताल में उसे उपचार के लिए भर्ती किया गया। घायल युवक की जेब से केवल एक आधार कार्ड निकला है। आधार कार्ड में उसका नाम मिथुन मुर्मू पिता सूनीराम निवासी अर्जुनपुर दक्षिण दिनाजपुर वेस्ट बंगाल दर्ज है।
इस घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अजय सोनी पुलिस बल समेत घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। घटनास्थल पर बीयर की फूटी हुई बोतलें मिली है। जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि बोतल फोड़ कर युवक का गला काटा गया है। पुलिस ने आधार कार्ड में मिली जानकारी के आधार पर घायल के परिजनों को सूचना दे दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।