celestial autumn: शुक्रवार को ‘पूर्व’ से होगा सूरज का उदय, साल में दो ही बार बनता है यह संयोग, खगोलीय शरद ऋतु की भी होगी शुरूआत

celestial autumn: इस शुक्रवार मतलब 23 सितम्बर को आकाश में सूरज का उदय ठीक पूर्व दिशा से होगा। अब आप कहेंगे कि इसमें नया क्या है, सूर्य का उदय तो रोज पूर्व दिशा से ही होता है। लेकिन, यह सच नहीं है। वास्तविकता यह है कि साल में केवल दो दिन ही ऐसे होते हैं जब सूरज ‘ठीक पूर्व’ दिशा में होता है। शेष दिन यह उसके आसपास की दिशाओं से उदित होता है।
नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने इस खगोलीय घटना की जानकारी देते हुये बताया कि जब सूरज भू-मध्यरेखा के ठीक उपर दिखता है तो इसे इक्वीनॉक्स (equinox) कहते हैं। साल में दो बार ऐसा होता है। पहला 20 या 21 मार्च को और दूसरा 21 से 24 सितम्बर के बीच। शुक्रवार को सूरज ठीक पूर्व दिशा में उदित होगा और ठीक पश्चिम दिशा में अस्त होगा।
सारिका ने बताया कि आम लोग या सोशल मीडिया पर इसे दिन और रात बराबर होने की घटना के रूप में बताया जाता है। हालांकि यह सत्य नहीं है। शुक्रवार को मध्य भारत में दिन की अवधि 12 घंटे 6 मिनिट होगी। अर्थात दिन और रात बराबर नहीं होगे। मध्य भारत में दिन और रात आगामी 28 सितम्बर को बराबर होंगे।
- ये भी पढें : MPPSC : एमपीपीएससी के लिए ओवरएज हो चुके युवाओं के लिए बड़ी खबर, राज्य सरकार ने अधिकतम आयु में की 3 साल की बढ़ोतरी

सारिका ने बताया कि सितम्बर इक्वीनॉक्स इस साल 23 सितम्बर को हो रहा है। यह आमतौर पर 22 या 23 सितम्बर को होता है। 21 सितम्बर को यह कई सदियों से नहीं हुआ है। आगामी 2092 और 2096 को यह 21 सितम्बर को होगा। 24 सितम्बर को यह घटना पिछली बार 1931 को हुई थी अब 2303 में यह 24 सितम्बर को होगा। यह घटना उत्तरी गोलार्द्ध में खगोलीय ग्रीष्म ऋतु के अंत और खगोलीय शरद ऋतु की शुरूआत की भी प्रतीक है।

देखें किस शहर में क्या रहेगी स्थिति
• भोपाल में सूर्योदय 06:09 होगा और सूर्यास्त 18:16 बजे होगा। यहां दिन की अवधि 12 घंटे 06 मिनिट और 43 सेकंड होगी।
• नर्मदापुरम में सूर्योदय 06:08 बजे और सूर्यास्त 18:14 बजे होगा। यहां दिन की अवधि 12 घंटे 06 मिनिट और 42 सेकंड होगी।
• रायसेन में सूर्योदय 06:07 बजे और सूर्यास्त 18:14 बजे होगा। यहां दिन की अवधि 12 घंटे 06 मिनिट और 44 सेकंड होगी।
• इंदौर में सूर्योदय 06:15 बजे और सूर्यास्त 18:22 बजे होगा। यहां दिन की अवधि 12 घंटे 06 मिनिट और 42 सेकंड होगी।
• जोधपुर में सूर्योदय 06:26 बजे और सूर्यास्त 18:33 बजे होगा। दिन की अवधि 12 घंटे 06 मिनिट और 50 सेकंड होगी।
• जयपुर में सूर्योदय 06:15 बजे और सूर्यास्त 18:22 बजे होगा। यहां दिन की अवधि 12 घंटे 06 मिनिट और 53 सेकंड होगी।
• अंबिकापुर में सूर्योदय 05:46 बजे और सूर्यास्त 17:52 बजे होगा। यहां दिन की अवधि 12 घंटे 06 मिनिट और 44 सेकंड होगी।
• खरगौन में सूर्योदय 06:17 बजे और सूर्यास्त 18:24 बजे होगा। यहां दिन की अवधि 12 घंटे 06 मिनिट और 39 सेकंड होगी।
• उज्जैन में सूर्योदय 06:15 बजे और सूर्यास्त 18:22 बजे होगा। यहां दिन की अवधि 12घंटे 06 मिनिट और 43 सेकंड होगी।



