God trust hostel : एक सप्ताह से गैरहाजिर छात्रावास अधीक्षिका, छात्राएं हो रहीं बीमार; जनपद अध्यक्ष के निरीक्षण में हुआ खुलासा
• श्याम यादव, नांदा (भीमपुर)
शाहपुर छात्रावास के मामले को लेकर अभी बवाल मचा है। इसके बावजूद छात्रावासों की व्यवस्था में जरा भी सुधार नहीं हो रहा है। दामजीपुरा के बालिका छात्रावास (damjipura girls hostel) में करीब एक सप्ताह से अधीक्षिका अनुपस्थित (superintendent absent) हैं। वहीं छात्रावास में रह रही छात्राएं बीमार (girl students sick) हो रही हैं। यह खुलासा शुक्रवार सुबह भीमपुर जनपद अध्यक्ष भैयालाल इरपाचे द्वारा इस छात्रावास के औचक निरीक्षण (Chairman’s Inspection) में हुआ।
भीमपुर ब्लॉक के अंतर्गत स्थित दामजीपुरा के बालिका छात्रावास में छात्राओं के वायरल फीवर से पीड़ित होने की सूचना जनपद अध्यक्ष श्री इरपाचे को मिली थी। इस पर वे आज सुबह छात्रावास पहुंचे और निरीक्षण किया। श्री इरपाचे ने बताया कि बलिका छात्रवास में वायरल फीवर बहुत तीव्र गति से फैल रहा है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुल 150 बालिकाओं में से 35 बालिकाएं वायरल फीवर से पीड़ित है। निरीक्षण के समय छात्रावास में जलभराव एवं गंदगी भी पाई गई। इस पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताई एवं कर्मचारियों को सफाई के निर्देश दिए। पीड़ित बालिकाओं के उपचार के तत्काल बीएमओ भीमपुर से संपर्क कर चिकित्सा की व्यवस्था करवाई गई। कुछ बालिकाओं को पालकों के जरिए घर भिजवाया गया।
श्री इरपाचे ने बताया कि इस कठिन परिस्थिति के समय भी छात्रावास अधीक्षक लता करोचे पिछले 18 अगस्त से अनुपस्थित है। यही नहीं अनुपस्थित होने के दौरान अधीक्षिका ने अपना कार्यभार भी किसी को नहीं सौंपा है। इस लापरवाही को देखते हुए जनपद अध्यक्ष ने प्रशासन एवं विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया एवं तत्काल कार्यवाही की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में शाहपुर के एकलव्य छात्रावास में हुए कार्यक्रम को लेकर दो अधीक्षक निलम्बित किए जा चुके हैं। उस मामले की उच्च स्तरीय जांच भी चल रही है। इसके बावजूद ना छात्रावासों की व्यवस्था सुधर रही है ना विभाग के आला अधिकारी इस मामले में कोई रुचि ले रहे हैं।



