बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

2 hostel superintendent suspended : एकलव्य छात्रावास शाहपुर के अधीक्षक और अधीक्षिका निलंबित, परिसर में रात तक हुए कार्यक्रम का मामला

▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल
कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने एकलव्य आवासीय विद्यालय शाहपुर (Eklavya Residential School Shahpur)) के छात्रावास परिसर में बीते दिनों रात तक हुए एक रंगारंग कार्यक्रम (Colorful program in the hostel premises) के मामले में सख्त कदम उठाया है। उन्होंने इस मामले में बालक छात्रावास के अधीक्षक इंद्रमोहन तिवारी और बालिका छात्रावास की अधीक्षिका दीपा डोंगरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित (superintendent suspended) कर दिया है। इस मामले को लेकर सोमवार को जयस ने भी राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर एवं एसडीएम शाहपुर को सौंपा है।

कलेक्टर श्री बैंस द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि एकलव्य आवासीय विद्यालय शाहपुर के बालक छात्रावास में दिनांक 19 अगस्त 2022 की रात्रि में सामुहिक भोजन के साथ नाच-गाने का आयोजन किये जाने, डीजे बजाकर कार्यक्रम करने, कार्यक्रम में एकलव्य आवासीय बालिका छात्रावास शाहपुर की छात्राओं को भी सम्मिलित किये जाने तथा कार्यक्रम में शाहपुर नगर के व्यक्तियों को भी शामिल किया जाना पाया गया। जबकि छात्रावास नियमावली के अनुसार सायंकाल 5 बजे के बाद कन्या छात्रावास परिसर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित है।

अत: छात्रावास नियमों का उल्लंघन करने एवं स्वैच्छाचारितापूर्ण ढंग से कार्य करने के कारण मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1965 के नियम 9 के तहत बालिका छात्रावास की अधीक्षिका दीपा डोंगर एवं बालक छात्रावास के अधीक्षक इन्द्रमोहन तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन काल में श्रीमती डोंगरे का मुख्यालय कार्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी, चिचोली और श्री तिवारी का मुख्यालय कार्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी, भैंसदेही निर्धारित किया गया है।

इन्हें सौंपा गया अधीक्षकों का प्रभार

अधीक्षक और अधीक्षिका के निलंबन के पश्चात बालिका छात्रावास का प्रभार स्थानीय व्यवस्था के तहत ममता राठौर, टीजीटी एकलव्य आवासीय विद्यालय शाहपुर को सौंपा गया है। इसी तरह अधीक्षक का प्रभार डीआर विश्वकर्मा बीजीटी, एकलव्य आवासीय विद्यालय, शाहपुर को सौंपा गया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

अधीक्षक ने नियमों का किया उल्लंघन : जयस

इधर जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शाहपुर के हॉस्टल प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम की कड़ी भर्त्सना की है। जयस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी शाहपुर को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शाहपुर आदिम जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित है। जिसके नियम एवं नियमावली विशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत आते हैं। जिसका संचालन एमपीएसएआरएएस द्वारा किया जाता है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटनाएं

सभी नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए वर्तमान पदस्थ अधीक्षक इन्द्रमोहन तिवारी नगर के सैकड़ों लोगों को बुलाकर रात 11 बजे तक पार्टी करते रहे। नियम तो तोड़े ही हॉस्टल छात्र-छात्राओं के साथ बाहरी लोग डांस भी करते रहे। ज्ञापन में आगे कहा गया है कि ऐसी घटना पहली बार नहीं हुई बल्कि पहले भी हो चुकी है, बस कार्यवाही नहीं हुई। जयस ने मांग की है कि हास्टल अधीक्षक पर दंडात्मक कार्यवाही के साथ निष्कासित किया जाएं। साथ ही हॉस्टल अधीक्षक एवं अधीक्षिका अनुसूचित जनजाति के ही पदस्थ किए जाएं।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button