गणेश पंडाल लगाने को लेकर मारपीट, 11 पर एफआईआर; कोयला खदान में फिर बदमाशों का धावा

बैतूल (Betul Update)। शहर के रामनगर क्षेत्र में गुरुवार रात को गणेश पंडाल (Ganesh Pandal) लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद (dispute between two parties) की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के साथ मारपीट (Beating) कर दी। इस मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है। इनमें से 7 को हिरासत (custody) में ले लिया है। उधर कोयलांचल पाथाखेड़ा की एक खदान में हथियारबंद बदमाशों ने बीती रात फिर धावा (Armed miscreants attack coal mine) बोला। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को बंधक (security guards hostage) भी बना लिया था। हालांकि पुलिस की पेट्रोलिंग टीम के पहुंचने पर वे भाग निकले।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनगर क्षेत्र में बीती रात गणेश पंडाल लगाने का काम चल रहा था। इस दौरान यहां विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने पंडाल लगा रहे लोगों के साथ मारपीट कर दी। इस घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग रात में गंज थाना पहुंच गए। यहां कुछ देर हंगामा भी किया गया।

इस घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिमाला प्रसाद और अन्य पुलिस अधिकारी गंज थाना पहुंचे। एसपी सिमाला प्रसाद पुलिस बल के साथ राम नगर भी पहुंची और लोगों से चर्चा की और समझाईश दी। इस मामले में पुलिस ने मारपीट करने वाले 11 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं 7 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

बैठक छोड़कर आए बाहर, किया प्रदर्शन

शुक्रवार को दोनों पक्षों को समझाईश देने के लिए गंज थाने में बैठक रखी गई थी। बैठक में एसडीओपी सृष्टि भार्गव समझाने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान एक पक्ष के लोग किसी बात को लेकर नाराज हो गए और नारेबाजी करते हुए बैठक छोड़कर बाहर आ गए। इसके बाद यह लोग अम्बेडकर चौक पहुंचे और चक्काजाम करने की कोशिश की।

समझाईश के बाद वापस आए थाना

एक पक्ष के बैठक से बाहर आने पर पुलिस अधिकारी भी अम्बेडकर चौक पहुंचे और लोगों से चर्चा कर उन्हें समझाने की कोशिश की गई। समझाईश के बाद सभी लोग गंज थाना पहुंच गए थे। इस मामले में पुलिस का कहना है कि 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 7 लोगों को हिरासत में ले लिया है। बाकी की तलाश की जा रही है। समझाईश के बाद स्थिति सामान्य है।

छतरपुर टू खदान पर पहुंचे हथियारबंद बदमाश

उधर सारणी थाना क्षेत्र में स्थित छतरपुर-टू माइंस में बीती रात फिर 15 से 20 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। इस बीच उन्होंने सुरक्षा गार्डों को बंधक बना लिया। बताते हैं कि वर्कशॉप की दीवार में गड्ढा कर उन्होंने भीतर प्रवेश किया। इसी बीच पुलिस की पेट्रोलिंग टीम के पहुंचने पर वे भाग निकले। सुरक्षा गार्डों का कहना है कि बदमाशों के पास पिस्टल, रॉड, तलवार जैसे हथियार थे। लगातार हो रही घटनाओं से सुरक्षाकर्मी भी दहशत में हैं।