बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

gharo me ghusa pani : उफान पर माडू नदी, गांव और घरों में घुसा पानी, सामान बहा, मकानों में हुआ कीचड़, बैठने-सोने को भी जगह नहीं

◼️ निखिल सोनी, आठनेर
बैतूल जिले में रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने आठनेर क्षेत्र में भारी नुकसान पहुंचाया है। ब्लॉक के आष्टी गांव में भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। यहां माडू नदी उफान पर चल रही है। इसके चलते गांव की निचली बस्ती में पानी भर गया। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को तगड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों के घर कीचड़ से सराबोर हो चुके हैं। उनके घरों में उठने-बैठने और सोने तक को जगह नहीं बची है।

रात से हो रही भारी बारिश से माडू नदी जमकर उफान पर चल रही थी। सुबह हाल यह थे कि नदी किनारे स्थित गांव की निचली बस्ती जलमग्र जैसी हो गई थी। गांव में सड़क और गलियों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया था। यह पानी लोगों के घरों में भी घुस गया। इसके चलते लोगों के घर में रखा खाने-पीने का सामान, ओढ़ने-बिछाने के कपड़े सहित अन्य जरुरी सामान खराब हो गया। यही नहीं खेती के लिए रखा खाद-बीज भी खराब हो गया। देखें वीडियो…

लगातार पानी बढ़ता देख ग्रामीण सब कुछ छोड़ घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। वहीं कुछ ने गांव के कुछ पक्के मकानों की छत पर डेरा जमाया। नदी में पानी का स्तर कुछ कम हुआ तो ग्रामीणों ने भी अपने घरों में भरा पानी खाली किया। हालांकि घरों में अब कीचड़ जमा है। एक बिजली का पोल तिरछा हो गया था। उसके गिरने के आसार नजर आ रहे थे। करंट न फैल जाए यह सोचकर ग्रामीणों ने उसे तार और रस्से से बांध कर सुरक्षित रखा ताकि करंट न फैले। देखें वीडियो…

इस बारे में सूचना मिलने पर आठनेर तहसीलदार लावीणा घाघरे और टीआई अजय सोनी ने भी मौके पर पहुंचे। उनके द्वारा नुकसान का जायजा लेने के साथ ही कर्मचारियों को राहत कार्य में जुटाया गया है। पूर्व जनपद अध्यक्ष रामचरण ईरपाचे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारी बारिश की वजह से घरों में लगातार जलभराव की स्थिति है। इसलिए ग्रामीण अपना घर छोड़कर बाहर निकल रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

यह भी पढ़ें… Highway band : जिले में भारी बारिश का दौर जारी, हाईवे समेत कई रास्ते बंद, जनजीवन हुआ खासा प्रभावित

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button