Party se bahar : अब कांग्रेस ने दिखाया बागियों को बाहर का रास्ता, छह सालों के लिए किया पार्टी से निष्काषित
◼️ नवील वर्मा, शाहपुर
नगरीय निकाय चुनावों में पार्टी विरोधी गतिविधियों पर हाल ही में भाजपा ने कुछ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को निष्काषित किया था। इसी कड़ी में अब कांग्रेस ने भी सख्त कदम उठाया है। कांग्रेस ने शाहपुर में 13 कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को 6 सालों के लिए पार्टी से निष्काषित कर दिया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा यह कार्यवाही की गई है।
कांग्रेस के जिला प्रवक्ता हेमंत पगारिया ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री प्रभारी प्रशासन राजीव सिंह ने इस संबंध में घोड़ाडोंगरी विधायक ब्रह्मा भलावी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बैतूल, जिला प्रभारी बैतूल और अधिकृत कांग्रेस प्रत्याशियों को सूचित कर दिया है। इस संबंध में जारी पत्र में उन्होंने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद शाहपुर में 15 वार्डों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के विरूद्ध निम्र पदाधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं या पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। ऐसा करके वे पार्टी को क्षति पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें… pad se hataya : अब भाजपा ने जिला मंत्री पर गिराई गाज, पद से हटाया, किया था संगठन के निर्णय का विरोध
यह पार्टी विरोधी कार्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। अत: प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा इन निर्दलीय एवं पार्टी विरोधी कार्य करने वाले पदाधिकारियों को 6 सालों के लिए निष्काषित किया जाता है। पार्टी ने जिनके खिलाफ निष्कासन की कार्यवाही की है उनमें कमल किशोर परसाई, अंबिका मिश्रा, आनंद शुक्ला, देवेंद्र गुप्ता पत्नी दीपशिखा गुप्ता, राधा मनोज वर्मा, राजीव वर्मा, आयुश शुक्ला, रामचरण सिरोटिया, चंद्रभान वर्मा, घिसवा चौरे, भागचंद वर्मा, कन्हैया वर्मा, घनश्याम चौरे शामिल हैं।



