bull theft : बैतूल बाजार क्षेत्र में बैल चोरों का आतंक, पुलिस की सक्रियता पर उठ रहे सवाल, किसानों में दहशत

बैतूल। जिले में एक तरफ गोवंश की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। वहीं दूसरी तरफ अब किसानों के खेतों से बैल चोरी की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो गई है। दो दिन में दो किसानों के खेतों से तीन बैल चोरी कर लिए गए हैं। इससे किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चिखलया क्षेत्र में किसान दिलीप वर्मा के खेत से मंगलवार रात में काले रंग का बैल अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया। बुधवार को फोरलेन पर स्थित किसान भुता उइके के खेत से दो नए बैल चोरी कर लिए गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में अपने मवेशियों, मोटर, पम्प, केबल और जो भी कृषि उपकरण खेतों में रखे रहते हैं, उनकी सुरक्षा की चिंता बढ़ गई है।
मुलताई के सरकारी कॉलेज में लाखों की चोरी : कंप्यूटर सिस्टम, प्रोजेक्टर और सीसीटीवी कैमरे ले उड़े चोर
किसानों ने पुलिस से मांग की है कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए रात्रि गश्त व्यवस्था कड़ी की जाएं। ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। इस संबंध में बैतूल बाजार टीआई आदित्य सेन से संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन उनका मोबाइल स्विच्ड ऑफ होने से चर्चा नहीं हो पाई।



