Doctor on PR : डॉ. वंदना कापसे दो दिनों की पुलिस रिमांड पर, अवैध सोनोग्राफी मशीन मामले में होगी पूछताछ

बैतूल शहर में स्थित करुणा हॉस्पिटल की संचालक डॉ. वंदना कापसे को कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर 2 दिनों की रिमांड पर लिया है। इसमें पुलिस द्वारा इनसे बाद में दर्ज हुए मामलों को लेकर पूछताछ की जाएगी। इससे पूर्व भी पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। बाद में उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।
आमला की नाबालिग छात्रा के अवैध गर्भपात मामले में डॉ. वंदना कापसे को 5 दिन पहले हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। इसके बाद उनके खिलाफ और भी प्रकरण दर्ज हुए हैं। इसे देखते हुए उन्होंने सोमवार को बैतूल न्यायालय में सरेंडर किया था। न्यायालय ने अन्य मामलों में सुनवाई मंगलवार को रखी थी। जहां पुलिस ने न्यायालय में कोतवाली में दर्ज मामले में पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मांगा था। इस पर न्यायालय ने उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर दिया है ।
गौरतलब है कि अवैध सोनोग्राफी मशीन के मामले में सीएमएचओ डॉ. एके तिवारी की रिपोर्ट पर 31 मार्च को कोतवाली में करुणा हॉस्पिटल की संचालक डॉ. वंदना कापसे के खिलाफ धारा 420 का मामला दर्ज हुआ था। डॉ. वंदना कापसे ने बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के न केवल सोनोग्राफी मशीन खरीदी थी बल्कि संचालन भी किया था। इस मशीन से 429 सोनोग्राफी अवैध तरीके से की गई थी। इस मामले में पूछताछ के लिए 2 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।
गौरतलब है कि आमला थाना क्षेत्र का मामला सामने आने के बाद से डॉ. वंदना कापसे की फजीहत शुरू हो गई थी। इसके बाद और भी पीड़िताएं सामने आईं और उन्होंने भी एफआईआर दर्ज कराई। इसी दौरान अवैध रूप से सोनोग्राफी मशीन की खरीदी और संचालन का मामला भी जांच में उजागर हो गया। डॉ. वंदना कापसे पर अब तक छह मामले दर्ज हो चुके हैं।



