बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

Social Media War : बगैर चुनाव के ही बदल गए घोड़ाडोंगरी विस क्षेत्र के एमएलए, भाजपा नेता ने खुद को लिखा पत्र में विधायक, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा

  • उत्तम मालवीय, बैतूल
    बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक (MLA) बगैर चुनाव के ही बदल गए हैं। यह दावा हम नहीं बल्कि एक पत्र कर रहा है जिसमें पूर्व विधायक और भाजपा नेता मंगलसिंह धुर्वे ने स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ को लिखा है। यह पत्र वरिष्ठ कांग्रेस नेता, शाहपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और घोड़ाडोंगरी विधायक ब्रह्मा भलावी के प्रतिनिधि नरेंद्र मिश्रा ने फेसबुक पर पोस्ट किया है।

    श्री मिश्रा ने यह पत्र पोस्ट करते हुए लिखा है कि ‘ये कब हुआ समझ नहीं आया…. किन्तु एक जनप्रतिनिधि रह चुके व्यक्ति को ये सब शोभा नहीं देता… दूसरी बात क्या प्रशासन ने मंगलसिंग धुर्वे जी को विधायक मान लिया है क्या…?’ अब इस पत्र और भाजपा नेता श्री धुर्वे द्वारा स्वयं को विधायक लिखे जाने पर सियासी हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

    कांग्रेस नेता मनोज आर्य ने श्री मिश्रा की इस फेसबुक पोस्ट का स्क्रीन शॉट लेकर एक ग्रुप में शेयर किया है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है कि ‘यह तो हमारे कांग्रेस पार्टी के सहज, सरल, विवेकशील सौम्य, कम से कम शब्दों में बोलने वाले घोड़ाडोंगरी के आदिवासी विधायक ब्रह्मा भलावी जी और कांग्रेस पार्टी का बहुत बड़ा अपमान है। इसकी मैं कड़ी निंदा करता हूं। आश्चर्य है कि घोड़ाडोंगरी विधानसभा में साढ़े 3 साल से हमारी कांग्रेस पार्टी के विधायक ब्रह्मा भलावी जी हैं। क्या घोड़ाडोंगरी के लोगों को पता नहीं है ?? यह हमारे विधायक को भाजपा और प्रशासन नहीं मानता और पूर्व विधायक को विधायक मान रहा है।

    मैं आग्रह करना चाहता हूं घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के एक मात्र सुपर पावर विधायक प्रतिनिधि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा जी से इस अपमान के लिए भाजपा नेता और प्रशासन पर एट्रोसिटी एक्ट के तहत एफआईआर करवाएं। पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाकर विधायक जी के अपमान पर जिस प्रकार विगत दिनों समूचे यादव समाज पर एट्रोसिटी एक्ट के तहत एफआईआर हुई है, उसी प्रकार एफआईआर एट्रोसिटी एक्ट लगवा कर कार्रवाई जाएं। तत्काल थाना में आवेदन और ज्ञापन कांग्रेसियों से दिलवाएं। सहज सरल विधायक और कांग्रेस पार्टी का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा।’

    श्री आर्य ने श्री मिश्रा से यह सवाल भी अपनी पोस्ट में किया कि ‘आदरणीय नरेंद्र मिश्रा जी यहां विधायक जी के अपमान पर आवेदन और ज्ञापन में इतना विलंब क्यों? पूर्व में विधायक जी के अपमान पर रातोंरात एफआईआर के लिए तीनों ब्लॉकों में ज्ञापन की झड़ी लग रही थी। आज क्यों नहीं? तत्काल तीनों ब्लॉक में एफआईआर हेतु ज्ञापन दिया जाएं ऐसा कांग्रेसी नेताओं से निवेदन है।’

    इस पूरे मामले को चिचोली के भाजपा नेता शंकर चड़ोकार ने यह कहकर सँभालने का प्रयास किया कि ‘एक्स लिखा है।’ इसी बीच एक अन्य यूजर प्रवीण आर्य ने कहा कि ‘भाई साहब, नाम के आगे एक्स नहीं लगाया जाता है। पद के आगे एक्स लगाया जाता है। शायद पूर्व विधायक को यह ज्ञात ही नहीं है कि एक्स कहां लगाया जाना चाहिए।’ इस पर श्री चड़ोकार फिर कहते हैं कि ‘गलती से कभी-कभी हो जाता है, ऊपर का नीचे और नीचे का ऊपर। मगर हमारी घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक परम आदरणीय ब्रम्हा भलावी जी ही हैं।’

    पूर्व विधायक ने इसलिए लिखा था पत्र
    उल्लेखनीय है कि पूर्व विधायक श्री धुर्वे ने 25 मार्च 2022 को यह पत्र सीएमएचओ को लिखा है। लेटर पेड पर लिखे गए इस पत्र में ऊपर नाम और पद के रूप में विधायक प्रिंट है। यहाँ कोने में पेन से एक्स लिखा है, लेकिन वह नाम के आगे है ना कि पद के आगे। वहीं पत्र लिखने के बाद जो प्रिंट लिया गया है और हस्ताक्षर कर भेजा गया है उसमें नीचे भी बाकायदा विधायक लिखा गया है। इस पत्र में उन्होंने जनपद पंचायत शाहपुर की ग्राम पंचायत खोकरा रैयत के ग्राम रामपुर रैयत में स्वास्थ्य शिविर लगवाने की मांग की है।

  • उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Back to top button