खबर का असर: महिला से बदसलूकी करने वाले पर मामला दर्ज, गिरफ्तार कर जेल भेजा

बैतूल के भीमपुर में बस स्टैंड पर सब्जी की दुकान लगा रही महिला के साथ बदसलूकी करने और उसकी सब्जियां फेंकने वाले आरोपी पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया है। ‘बैतूल अपडेट’ ने सोमवार सुबह इस मामले को प्रमुखता से उजागर किया था। इसे गम्भीरता से लेते हुए पुलिस ने ताबड़तोड़ अंदाज में कार्रवाई की।

वीडियो में देखें महिला से बेरहमी: लात मार कर दुकान का सामान फेंका, विरोध करने पर गिराया
इस सम्बंध में शाहपुर एसडीओपी एमएस मीणा ने बताया कि भीमपुर बस स्टैंड में सब्जी की दुकान लगाने वाली महिला से दिनेश आर्य नामक व्यक्ति के द्वारा दुकान हटाए जाने की बात को लेकर महिला के साथ बदसलूकी करते हुये दुकान में रखी सामग्री को जबरन फेंक दिया गया था। घटना पर पुलिस चौकी भीमपुर द्वारा महिला की रिपोर्ट पर आरोपी दिनेश आर्य निवासी भीमपुर के विरुद्ध धारा 323, 294, 506 व एससीएसटी एक्ट का कायम किया गया।
मामले की गंभीरता से लेते हुए तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपी दिनेश आर्य की तलाश की गई। वह घटना के बाद से हरदा तरफ भाग गया था। जिसकी सघन तलाश की गई और उसे टेमागांव हरदा से पकड़ा गया। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय द्वारा गिरफ्तारशुदा आरोपी दिनेश पिता सुखनंदन आर्य (40) निवासी भीमपुर को जेल भिजवा दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है।



