शाहपुर हादसा अपडेट: दोनों युवकों की शिनाख्त, शादी में जाने का कहकर निकले थे

शाहपुर में माचना नदी के रेलवे ब्रिज पर हादसे का शिकार हुए दोनों युवकों की शिनाख्त हो गई है। दोनों युवक आसपास के गांव के निवासी और आपस में दोस्त थे। कोटमी गांव में शादी में जाने का कहकर वे घर से निकले थे।
यह भी पढ़ें… दर्दनाक: ट्रेन से कटकर दो युवकों की मौत
जानकारी के मुताबिक कल हादसे में मौत का शिकार बना एक युवक मुकेश पिता मंगल सिंह उइके (21) निवासी बाकुड़ तहसील घोड़ाडोंगरी और दूसरा मनिल मर्सकोले पिता पुन्नू मर्सकोले (19) निवासी माथनी हैं। यह दोनों ही गांव पास-पास में हैं। इससे दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी।
यह भी पढ़ें… शाहपुर हादसा अपडेट: मृतकों में एक माथनी का मुनील तो नहीं..?
मुकेश उइके नर्सिंग कोर्स कर रहा था। वह ग्लोबल आईटीआई बगडोना का छात्र बताया जा रहा है। बताते हैं कि वह कल दोपहर 3 बजे घर से कोटमी गांव में शादी में जाने का कहकर निकला था। कोटमी गांव घटनास्थल से 2 किलोमीटर दूर ही है। कैमरा भी वह घर से साथ लाया था। इस बीच माचना ब्रिज पर फ़ोटो शूट करते समय हादसे का शिकार हो गए।
जीआरपी कर रही मामले की जांच
घटनास्थल आउटर के पहले का होने से मामले की जांच आमला जीआरपी द्वारा की जा रही है। जीआरपी द्वारा शाहपुर में दोनों युवकों के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। दोनों युवकों के परिजन व रिश्तदार भी शाहपुर पहुंच चुके हैं।
कल शाम हुए थे हादसे का शिकार
गौरतलब है कि शनिवार शाम को बरबटपुर स्टेशन के पास स्थित माचना नदी के ब्रिज पर यह दोनों युवक हादसे का शिकार हो गए थे। कहा जा रहा है कि ब्रिज पर फोटो शूट करते समय यह दोनों युवक बागमती एक्सप्रेस की चपेट में आए थे। इससे घटनास्थल पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।



