Betul Collector News: जनविश्वास अभियान में लापरवाही नहीं चलेगी, पेंशन अटकी तो वेतन से होगी वसूली
Betul Collector News: Negligence in the 'Janvishwas Abhiyan' (Public Trust Campaign) will not be tolerated; if pension payments are held up, the amount will be recovered from the salaries [of the responsible officials].

Betul Collector News: बैतूल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारी अपने आवंटित ग्रामों का गंभीरतापूर्वक भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनें तथा उनका प्राथमिकता से समाधान कराएं। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा की बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जनविश्वास शिविरों में प्राप्त कोई भी शिकायत अथवा आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी भी ली।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा करते हुए शिकायतों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनजातीय कार्य, श्रम, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृषि, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों को शिकायतों के निराकरण में विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त प्रकरणों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रकरण समय-सीमा से बाहर होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने समय-सीमा के पत्रों एवं जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित पेंशन प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। पेंशन प्रकरण लंबित रहने की स्थिति में संबंधित जिला अधिकारी के विरुद्ध जवाबदेही तय कर वेतन से वसूली की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यालयों में कर्मचारियों के वेतन का समय पर आहरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। वेतन आहरण में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी (डीडीओ) की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
जनविश्वास अभियान के तहत ब्लॉकों में आयोजित शिविरों में जिला अधिकारियों द्वारा जिन ग्रामों का भ्रमण किया गया है, वहां की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जनविश्वास अभियान के द्वितीय चरण में भी अधिकारियों की ड्यूटी उन्हीं ग्रामों में लगाई जाएगी, जहां प्रथम चरण में उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। इससे अधिकारी प्रथम चरण के शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति से ग्रामीणों को अवगत करा सकेंगे।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने अधिकारियों द्वारा स्कूल, छात्रावास, आंगनवाड़ी केंद्र एवं स्टॉपडैम के निरीक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टॉपडैम में कड़ी शटर लगाने के निर्देशों का सभी संबंधित क्लस्टर की पंचायतों में पालन सुनिश्चित कर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के तहत संचालित किए जाने वाले 9 स्मार्ट फिश पार्लर की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को योजना में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों में ट्रेंचिंग ग्राउंड के लिए भूमि आवंटन की कार्रवाई भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जिले में हैंडओवर हो चुकी नल-जल योजनाओं में आईओटी सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। इसके माध्यम से सेंट्रलाइज्ड नल-जल योजनाओं के संचालन की मॉनिटरिंग की जा सकेगी। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने-अपने जनपद क्षेत्र की नल-जल योजनाओं में आईओटी डिवाइस के क्रियान्वयन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा भूमि के उपयोग के लिए एफआरए पोर्टल पर किए गए आवेदनों एवं उनके निराकरण की भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



