Betul RTO Vehicle Accident: बैतूल-भोपाल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, आरटीओ के वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत
Betul RTO Vehicle Accident: Major road accident on the Betul-Bhopal highway; RTO vehicle hits a motorcycle, youth killed.

Betul RTO Vehicle Accident: बैतूल। बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना भारत-भारती के पास हुई, जहां आरटीओ से संबद्ध बताई जा रही इनोवा कार ने पल्सर बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया। पूरे मामले की जांच जारी है।
मरामझिरी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे तीन युवक पल्सर बाइक से मरामझिरी से बैतूल की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे भारत-भारती के पास पहुंचे, सामने से आ रही आरटीओ से संबद्ध इनोवा कार की टक्कर से तीनों सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में हमलापुर निवासी 28 वर्षीय मुकेश पांसे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथी सुरेंद्र करचुले (25) और आकाश मदन (26) घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

मजदूरी कर परिवार का सहारा था मुकेश
मृतक मुकेश पांसे ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मां सगनी पांसे भी मजदूरी करती हैं। परिवार पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है। मुकेश का बड़ा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण कई वर्ष पहले घर छोड़ चुका है, जबकि उसकी बहन मंगला पांसे कॉलेज में सेकंड ईयर की छात्रा है। घायल सुरेंद्र करचुले टाइल्स लगाने का कार्य करता है और आकाश मदन भी हमलापुर का रहने वाला है।
- यह भी पढ़ें : Gobardhan Scheme 2026: गोबरधन योजना को मंजूरी: गोबर और पराली से होगी कमाई, किसानों की आय बढ़ाने की बड़ी तैयारी
फोटो और वीडियो हटवाने के आरोप
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा रही कि दुर्घटना के समय बैतूल आरटीओ अनुराग शुक्ला वाहन में मौजूद थे या नहीं। इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि आरटीओ कर्मचारियों ने मौके पर मौजूद लोगों के मोबाइल से दुर्घटना से जुड़े फोटो और वीडियो हटवाए। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि जिस इनोवा वाहन से हादसा हुआ, उसका पंजीयन प्रवीण तिवारी के नाम पर है, लेकिन उसका उपयोग आरटीओ कार्यालय के वाहन के रूप में किया जाता है।
- यह भी पढ़ें : Amla Theft Case: आमला में 20 लाख की नकबजनी का खुलासा, नरसिंहपुर-सिवनी के दो शातिर चोर गिरफ्तार
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



