Facebook Honey Trap: फेसबुक दोस्ती के बहाने बिछाया जाल, हनी ट्रैप गिरोह का खुलासा; 75 हजार रुपये की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार
Facebook Honey Trap: A trap was laid under the guise of Facebook friendship, a honey trap gang was exposed; 75 thousand rupees were defrauded, three accused were arrested.

Facebook Honey Trap: सोशल मीडिया पर हुई एक साधारण दोस्ती ने बैतूल जिले के एक युवक को बड़ी ठगी का शिकार बना दिया। फेसबुक पर महिला की फर्जी प्रोफाइल के जरिए संपर्क कर उसे मिलने के लिए बुलाया गया और फिर योजनाबद्ध तरीके से उसके बैंक खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए गए। मामले की जांच करते हुए शाहपुर पुलिस ने हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बैतूल जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने वाले एक गिरोह का शाहपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फेसबुक के जरिए फर्जी दोस्ती कर एक युवक को हनी ट्रैप में फंसाने और उसके बैंक खाते से 75 हजार रुपये निकालने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण और गंभीर मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक अरविन्द कुमरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार ग्राम कोहकाढाना, थाना चिचोली निवासी 35 वर्षीय राजेश उइके ने 23 मई 2026 को शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात लोगों ने उसे हनी ट्रैप में फंसाकर उसके बैंक खाते से 75 हजार रुपये निकाल लिए हैं।
जांच के दौरान सामने आया कि राजेश उइके को फेसबुक पर “आश्वती भलावी” नाम की आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और संपर्क बढ़ता गया। इसके बाद महिला ने उसे 2 मई 2026 को ग्राम भौंरा में मिलने के लिए बुलाया।
मिलने पहुंचते ही शुरू हुआ दबाव
पुलिस जांच में पता चला कि जब फरियादी भौंरा पहुंचा तो वहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे। इनमें पंकज खातरकर, मोनू रजक, रोवी टेकाम और यश सोलंकी शामिल थे। आरोपियों ने स्वयं को महिला के भाई और परिचित बताते हुए युवक को डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
इसके बाद महिला के साथ हुई फेसबुक चैट को हटाने का बहाना बनाकर उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया गया। मोबाइल हाथ में आने के बाद आरोपियों ने धोखे से पेटीएम और फोन-पे के माध्यम से उसके बैंक खाते से कुल 75 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लिए।
मामला दर्ज कर शुरू की गई जांच
प्रकरण की जांच के दौरान आरोपियों की भूमिका सामने आने पर शाहपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 251/2026 दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।
- यह भी पढ़ें : Plantation Drive Betul: विश्व पर्यावरण दिवस पर बड़ा अभियान: परम डिस्ट्रीब्यूटर्स ने लगाए 2000 पौधे, हरियाली से संवरेगा क्षेत्र
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग लेन-देन के विवरण और मुखबिर से प्राप्त जानकारी के आधार पर कार्रवाई की। जांच के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पंकज खातरकर निवासी ग्राम बांसबोड़ी, दूधावानी हाल निवासी इंदौर, मोनू रजक निवासी जिला गुना तथा यश सोलंकी निवासी इंदौर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक अरविन्द कुमरे, उप निरीक्षक नीरज खरे, सहायक उप निरीक्षक भरत सिंह नाथ, आरक्षक धीरज काले तथा आरक्षक सलमान शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अज्ञात व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदेशों पर तुरंत भरोसा न करें। कई साइबर अपराधी फर्जी प्रोफाइल बनाकर प्रेम संबंध, दोस्ती या अन्य प्रलोभनों के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
उन्होंने लोगों से निजी जानकारी, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही किसी अपरिचित व्यक्ति के बुलावे पर एकांत स्थान पर मिलने जाने से बचने और अपना मोबाइल फोन अनावश्यक रूप से किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए नहीं देने की बात कही है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की अपील भी की गई है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



