Betul Education: शिक्षा व्यवस्था पर कलेक्टर सख्त, बिना अनुमति छुट्टी पर होगी कार्रवाई, स्कूल देर से खुले तो खैर नहीं
Betul Education: Collector strict on education system, action will be taken on leave without permission, if school opens late then there will be trouble

Betul Education: बैतूल जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि स्कूलों में अनुशासन, नियमित निरीक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षकों की समय पर उपस्थिति के निर्देश
समीक्षा बैठक में कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कहा कि जिले के सभी स्कूल तय समय पर खुलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षक और स्कूल स्टाफ निर्धारित समय से कम से कम आधा घंटा पहले विद्यालय पहुंचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्राचार्य, शिक्षक या कर्मचारी को बिना अनुमति अवकाश लेने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई कर्मचारी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ निलंबन सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्कूलों के नियमित निरीक्षण पर जोर
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे लगातार स्कूलों का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल रही है। जिन स्कूलों का परीक्षा परिणाम कमजोर रहा है, वहां अतिरिक्त शैक्षणिक गतिविधियां संचालित कर सुधार लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, ड्रॉप आउट रोकने और बच्चों के सीखने के स्तर की लगातार मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया।

शिक्षा व्यवस्था और सुविधाओं की समीक्षा
बैठक में शासकीय विद्यालयों की शैक्षणिक स्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, गणवेश वितरण, बोर्ड परीक्षा परिणाम, शिक्षकों की उपलब्धता और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्कूलवार जानकारी लेते हुए कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों में किसी भी प्रकार की मूलभूत सुविधा की कमी नहीं होनी चाहिए। स्कूलों में पेयजल, शौचालय, बिजली और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने को भी कहा गया।
कम परीक्षा परिणाम वाले स्कूलों पर नाराजगी
बैठक के दौरान कलेक्टर ने शासकीय और अशासकीय विद्यालयों की कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों की ब्लॉकवार समीक्षा की। शासकीय स्कूलों में भीमपुर, शाहपुर और आठनेर ब्लॉक के कमजोर परिणामों पर उन्होंने नाराजगी जताई। विशेष रूप से भीमपुर के डीईओ को निर्देश दिए गए कि आगामी परीक्षाओं में 90 प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित किया जाए।

वहीं, बेहतर परीक्षा परिणाम देने वाले मुलताई और भैंसदेही ब्लॉक की सराहना की गई। कलेक्टर ने उन विद्यालयों की भी जानकारी ली जहां गेस्ट टीचर होने के बावजूद अच्छे परिणाम प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्कूल प्रशंसा के पात्र हैं।
- यह भी पढ़ें : Digital Crime Profile System: अब गुंडे-बदमाशों की हर गतिविधि पर नजर, MP पुलिस ने शुरू किया नया सिस्टम
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने निर्देश दिए कि परीक्षा परिणाम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीईओ, डीईओ, प्राचार्य और गेस्ट टीचरों को प्रशंसा पत्र और डीओ लेटर देकर सम्मानित किया जाए। इसके लिए जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
- यह भी पढ़ें : Betul Road Accident: बैतूल में देर रात दो बड़ी घटनाएं, सड़क हादसे में महिला की मौत और ढाबा मैनेजर पर हमला
नामांकन और योजनाओं की प्रगति पर फोकस
बैठक में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के नामांकन की समीक्षा भी की गई। जिन स्कूलों में नामांकन की प्रगति कम रही, वहां अधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार अधिक से अधिक विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा समेकित छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए पात्र विद्यार्थियों को 15 जून तक छात्रवृत्ति राशि वितरित करने के निर्देश दिए गए। निशुल्क साइकिल वितरण योजना की समीक्षा में कहा गया कि ब्लॉक स्तर पर साइकिलों की असेंबली समय पर पूरी की जाए और 15 जून से 25 जून के बीच विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित कर दी जाएं। साथ ही विद्यार्थियों को समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



