Betul Athner Murder Case: फागुन मेले में पुरानी रंजिश का खौफनाक अंत: युवक की हत्या, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
Betul Athner Murder Case: डीजे पर नाचने के विवाद से भड़की रंजिश, मेले में चाकू से हमला; एक युवक की मौत, दूसरा घायल

Betul Athner Murder Case: बैतूल जिले के आठनेर क्षेत्र में आयोजित फागुन मेले के दौरान पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। डीजे पर नाचने को लेकर पिछले महीने हुए विवाद ने इस बार खूनी घटना का रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हीरादेही में लगा था फागुन मेला
आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम बैरमढाना निवासी राम प्रसाद कवडे ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। राम प्रसाद के अनुसार 5 मार्च 2026 को ग्राम हिरादेही में फागुन मेले का आयोजन हो रहा था। उसी दिन दोपहर करीब चार बजे वह अपनी मौसी रनौती धुर्वे के घर गया हुआ था।
शाम करीब पांच से छह बजे के बीच मौसी के घर के सामने सड़क की ओर से झगड़े की आवाज सुनाई दी। शोर सुनकर जब वह बाहर पहुंचा तो देखा कि सातकुंड निवासी मोहित वाडिवा अपने साथियों के साथ उसके बड़े पिताजी के बेटे गोविंद और विशाल से गाली-गलौच करते हुए मारपीट कर रहा था।
चाकू से किया गया हमला
राम प्रसाद ने बताया कि झगड़े के दौरान मोहित वाडिवा ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में गोविंद की दाहिनी कमर में चाकू घोंप दिया गया, जबकि विशाल के दाहिने पैर की जांघ और बाएं कंधे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर काफी खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों और फरियादी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। भीड़ जुटती देख आरोपी अपने साथियों के साथ वहां से भाग निकले।
अस्पताल पहुंचते ही गोविंद की मौत
घटना के बाद घायल गोविंद और विशाल को निजी वाहन से तुरंत सरकारी अस्पताल आठनेर ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद गोविंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल का इलाज जारी है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 19 फरवरी 2026 को ग्राम बैरमढाना में राम सलामे की शादी के दौरान डीजे पर नाचने की बात को लेकर गोविंद, विशाल और मोहित वाडिवा तथा उसके साथियों के बीच विवाद हुआ था। उसी विवाद के कारण दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी हुई थी। पुलिस के अनुसार इसी पुरानी दुश्मनी के चलते 5 मार्च को मौका मिलने पर आरोपियों ने चाकू से हमला किया।
मामला दर्ज कर शुरू की जांच
फरियादी की शिकायत के आधार पर थाना आठनेर में अपराध क्रमांक 47/26 दर्ज किया गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296-बी, 115(2), 103(1) और 3(5) के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की गई है।
- यह भी पढ़ें : MP Construction Action: एमपी में घटिया निर्माण पर बड़ा एक्शन, ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, कंसल्टेंट पर कार्रवाई और अधिकारियों को नोटिस
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई
बैतूल के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
आठनेर पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित पिता केशोराव बाडिया उम्र 23 वर्ष निवासी सातकुंड तथा दो अपचारी बालक शामिल हैं, जिनकी उम्र 17-17 वर्ष बताई गई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को 8 मार्च 2026 को भैंसदेही न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- यह भी पढ़ें : MP Today News: एमपी के एक और शहर का नाम बदलेगा, कहलाएगा सूर्य नगर, सीएम मोहन यादव ने किया ऐलान
इस पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरे मामले में आठनेर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई की। उपनिरीक्षक मांगीलाल ठाकरे, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश धुर्वे, प्रधान आरक्षक निर्मल पवार, आरक्षक मनीष पटेल, आरक्षक बिप्लब मिरासे और आरक्षक बीरबल मीणा की भूमिका सराहनीय रही।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



