MP Big News Today: एमपी में बड़ी कार्रवाई: 7 जिलों में निर्माण कार्यों की जांच, हरदा-सिवनी में ठेकेदार ब्लैकलिस्ट
MP Big News Today: हरदा और सिवनी में गुणवत्ता में कमी मिली, 35 निर्माण कार्यों की रेंडम जांच के बाद सख्त निर्देश जारी

MP Big News Today: प्रदेश में सड़कों और भवन निर्माण की गुणवत्ता सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। हरदा समेत सात जिलों में मुख्य अभियंताओं की टीमों ने बिना सूचना के निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की हकीकत परखी। जांच में जहां कई काम संतोषजनक मिले, वहीं कुछ स्थानों पर गंभीर खामियां सामने आईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इन जिलों में पहुंची जाँच टीमें
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बेहतर बनाने के उद्देश्य से बनाई गई कार्ययोजना के तहत हरदा, सिवनी, शिवपुरी, झाबुआ, रीवा, रतलाम और टीकमगढ़ जिलों में औचक निरीक्षण किए गए। मुख्य अभियंताओं के सात अलग-अलग दलों ने विभिन्न परियोजनाओं का मौके पर जाकर परीक्षण किया। कुल 35 कार्यों को रेंडम आधार पर चुना गया। इनमें 21 कार्य लोक निर्माण विभाग के सड़क और पुल से जुड़े थे, पांच कार्य पीआईयू के भवन निर्माण से संबंधित थे, सात कार्य मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के और दो कार्य मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के थे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा
निरीक्षण के बाद प्राप्त प्रतिवेदनों की समीक्षा मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भरत यादव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की गई। बैठक में प्रमुख अभियंता सड़क एवं पुल केपीएस राणा, प्रमुख अभियंता भवन एसआर बघेल, प्रमुख अभियंता भवन विकास निगम अजय श्रीवास्तव, तकनीकी सलाहकार आरके मेहरा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और मैदानी स्तर के अभियंता जुड़े रहे।
हरदा जिले में हुई तगड़ी कार्रवाई
हरदा जिले में लोलांगरा से राहटकलां मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता संबंधी गंभीर कमी पाई गई। जांच के बाद ठेकेदार द्वारा किए गए अमानक कार्य को निरस्त करने, सुरक्षा निधि जब्त करने और अनुबंध समाप्त कर शेष कार्य के लिए नई निविदा जारी करने के निर्देश दिए गए।
संबंधित ठेकेदार मेसर्स ज्योति कंस्ट्रक्शन कंपनी, हरदा को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया। इसके साथ ही संबंधित उपयंत्री और अनुविभागीय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। समय पर कार्रवाई प्रस्तावित नहीं करने के कारण अधीक्षण यंत्री के विरुद्ध भी नोटिस जारी करने को कहा गया। कार्य में देरी के लिए पहले पदस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए।
सिवनी में ठेकेदार को किया ब्लैकलिस्ट
सिवनी जिले में पिपरिया से सथाई तक 3.43 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण कार्य में भी गुणवत्ता असंतोषजनक पाई गई। इस पर संबंधित ठेकेदार मेसर्स ओमकार कंस्ट्रक्शन, बालाघाट को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई के लिए मुख्य अभियंता, जबलपुर परिक्षेत्र को निर्देशित किया गया।
आला अफसर खुद करेंगे निगरानी
बैठक में यह भी तय किया गया कि अगली समीक्षा से पहले सभी निरीक्षण प्रतिवेदनों का पालन सुनिश्चित किया जाए। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का संतोषजनक समाधान कर शिकायतकर्ताओं को जानकारी दी जाए। मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री को स्वयं निगरानी कर आगामी माह की ग्रेडिंग सुधारने के निर्देश दिए गए। पुल और पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता से पूरी करने तथा जहां संरचनाएं खतरनाक स्थिति में हैं वहां मानसून से पहले नए प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई पूरी करने को कहा गया।
आईआईटी बॉम्बे से दिया प्रशिक्षण
बैठक के अंत में गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से आईआईटी बॉम्बे के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर डॉ. धर्मवीर सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियंताओं को प्रशिक्षण दिया। एमपीआरडीसी मुख्यालय भोपाल में आयोजित इस कार्यशाला में सीमेंट कंक्रीट सड़कों के निर्माण, तकनीकी मानकों के पालन और संभावित फेलियर के कारणों पर विस्तार से जानकारी दी गई। डॉ. सिंह ने नवीन तकनीकों, गुणवत्ता नियंत्रण के अहम पहलुओं और निर्माण के दौरान आने वाली चुनौतियों के समाधान पर मार्गदर्शन दिया।
- यह भी पढ़ें : MP Viral News: अचानक रईस बन गए इस गांव के लोग, तनी बिल्डिंगें, आई लग्जरी कारें, कैसे हुआ यह चमत्कार
भविष्य में भी होती रहेंगी कार्यशालाएं
प्रबंध संचालक भरत यादव ने बताया कि आईआईटी बॉम्बे के साथ हुए एमओयू के तहत आगे भी नियमित रूप से तकनीकी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि अभियंताओं की क्षमता बढ़े और प्रदेश में गुणवत्ता आधारित सड़क निर्माण को बढ़ावा मिल सके।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com


