MP Police Recruitment 2025: एमपी पुलिस भर्ती 2025… इस साल होंगी 7500 भर्तियां, बनेगा पुलिस भर्ती बोर्ड
MP Police Recruitment 2025: मध्यप्रदेश में पुलिस विभाग में इस साल 7500 भर्तियां की जाएंगी। इसके लिए सरकार ने अनुमति दे दी है। विभाग में 22500 पदों पर भर्ती होना है। इसलिए हर साल 7500-7500 पदों पर भर्ती होगी। इस तरह अगले 3 सालों में पुलिस विभाग के सभी रिक्त पद भर दिए जाएंगे।
यह घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की। वे शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के राज्य स्तरीय समारोह में पदक विजेता अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस, जेल और नगर सेना एवं सुरक्षा तीनों विभागों के शहीदों की विधवाओं और बच्चों के लिए स्नातक स्तर के सभी कोर्सेस में विभिन्न प्राथमिकता श्रेणियों में एक अतिरिक्त सीट पर आरक्षण दिया जाएगा।
अब पुलिस भर्ती बोर्ड करेगा चयन (MP Police Recruitment 2025)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अभी पुलिस विभाग की भर्ती कर्मचारी चयन मंडल से होती है। इसमें कुछ वक्त लग जाता है। ऐसा न हो, इसलिए प्रदेश में मप्र पुलिस भर्ती बोर्ड का गठन किया जाएगा। इससे पुलिस भर्तियों में तेजी, पारदर्शिता और परफेक्शन आएगा। वर्ष 2025 के लिए स्वीकृत पदों की भर्ती मप्र पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल द्वारा की जायेगी। आगामी वर्षों की भर्तियां पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा की जायेंगी।

इन्हें मिलेगा छठवें वेतनमान का लाभ (MP Police Recruitment 2025)
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों सहित उप पुलिस अधीक्षक और इससे उच्च अधिकारियों को भी अब छठवें वेतनमान का पद पात्रतानुसार निर्धारित विशेष भत्ता एवं जोखिम भत्ता दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गृह विभाग से जुड़ी सभी सेवाओं के आधुनिकीकरण एवं भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए बहुत जल्द गृह एवं वित्त विभाग की संयुक्त बैठक कर सभी लंबित मसलों का समुचित समाधान निकाला जाएगा।
आधुनिकीकरण में नहीं बरतेंगे ढिलाई (MP Police Recruitment 2025)
उन्होंने कहा कि पुलिस, जेल और नगर सेना एवं सुरक्षा विभाग के त्वरित आधुनिकीकरण के लिए कोई कमी, कोई ढिलाई नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी सेवाओं के साथ अपने परिवार को भी समय दें, अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। पुलिसकर्मियों के कल्याण के लिए हमने पुलिस हॉस्पिटल का शुभारंभ, दिशा लर्निंग सेंटर और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन को एक करोड़ रूपए की सम्मान राशि देने जैसे कई प्रयास किए हैं। ये प्रयास हमेशा जारी रहेंगे।

पुलिस विभाग ई-ऑफिस जल्द ही (MP Police Recruitment 2025)
स्वागत उद्बोधन में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा कि पुलिस विभाग भी ई-ऑफिस की तरफ बढ़ रहा है। पुलिस मुख्यालय ई-ऑफिस से लैस हो गया है, फील्ड की सभी इकाइयां भी ई-ऑफिस से जुड़ रही हैं। सायबर फ्रॉड से निपटने के लिए भी हमारी पूरी तैयारी है। प्रदेश में लोगों को नशामुक्त करने की जागरूकता के लिए हमने नशे से दूरी है जरूरी अभियान चलाया है। इस अभियान के बेहद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
- Read Also: MP Development Plan: मप्र में 6 नए एक्सप्रेस वे, ढाई लाख भर्तियां और किसानों को बिजली बिल से मुक्ति
अफसरों-कर्मचारियों को मिले पदक (MP Police Recruitment 2025)
उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 65 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। इसमें वीरता के लिए 12 पुलिस अधिकारियों को पुलिस वीरता पदक, विशिष्ट सेवा के लिए 8 पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति का पुलिस पदक, विशिष्ट सेवा के लिए जेल, नगर सेवा एवं नगर सुरक्षा के 3 अधिकारियों को विशिष्ट सेवा पदक, 32 पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक, 5 जेल पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक तथा नगर सेवा एवं नगर सुरक्षा के 8 अधिकारियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया गया है। (MP Police Recruitment 2025)
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



