बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

अवैध कॉलोनी: कलेक्टर सख्त, हफ्ते भर में कार्यवाही की हिदायत

  • उत्तम मालवीय, बैतूल
    बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने जिले में अवैध कॉलोनियों के मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों के मामलों में एक सप्ताह के अंदर परीक्षण कर संबंधित क्षेत्र के एसडीएम सूचना पत्र जारी करना/परिवाद/प्रबंधन में लेना/पुलिस में प्रकरण दर्ज कराने जैसी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

    इसी प्रकार शहरी क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के मामलों में अपर कलेक्टर अपने स्पष्ट अभिमत सहित प्रकरण प्रस्तुत करें। साथ ही ऐसे नियम विरूद्ध मामलों में रजिस्ट्री रोकने के लिए जिला पंजीयक को भी लिखा जाएं। बैठक में अपर कलेक्टर श्यामेन्द्र जायसवाल, सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौजूद थे।

    बैठक में समर्थन मूल्य पर रबी उपार्जन के लिए पंजीकृत कृषकों के सत्यापन कार्य को भी कलेक्टर ने गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पंजीयन में गड़बड़ी होने की संभावना हो, वहां सघनता से सत्यापन कार्य किया जाएं। राजस्व विभाग के अधीन निर्माणाधीन तहसील कार्यालयों की पूर्णता एवं गुणवत्ता की भी बैठक में समीक्षा की गई। इसी तरह उचित मूल्य की दुकानों की जांच की स्थिति पर भी कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों से जानकारी ली।

    बैठक में वनाधिकार के लंबित दावों के शीघ्र निराकरण हेतु भी राजस्व अधिकारियों को पाबंद किया गया। इसके अलावा बंटवारा, नामांतरण, सीमांकन के लंबित प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने राजस्व वसूली, धारणाधिकार, मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना, पीएम किसान एवं सीएम किसान कल्याण योजना, आबादी भूमि का स्वामित्व सर्वे, सीएम हेल्पलाइन एवं राजस्व विभाग से संबंधित अन्य बिंदुओं की भी समीक्षा की।

    आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुर्गा वराठे की सेवा समाप्त

    जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी संजय जैन से प्राप्त जानकारी के अनुसार एकीकृत बाल विकास परियोजना सारनी (शहरी) के जाकिर हुसैन वार्ड क्रमांक 4 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुर्गा वराठे को पद से पृथक कर सेवा समाप्त कर दी गई है। कार्यकर्ता के विरूद्ध आंगनवाड़ी केन्द्र के संचालन में अनियमितता करने एवं हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ देने में लापरवाही करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।

  • उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Back to top button