बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

सुखतवा पुल फिर क्षतिग्रस्त: बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे बंद, बुरहानुपर से भी टूटा संपर्क, शाहपुर में घंटों बंद रही आवाजाही

सुखतवा का पुल फिर हुआ क्षतिग्रस्त.

♦ नवील वर्मा/युनूस खान

शाहपुर/दामजीपुरा। बैतूल और भोपाल के बीच एक बार फिर सड़क मार्ग से संपर्क टूट गया है। होशंगाबाद जिले के सुखतवा में बने पुल का एक हिस्सा रात में आई बाढ़ में बह गया है। दूसरी ओर बीती रात शाहपुर के माचना पुल पर भी बाढ़ के कारण साढ़े 5 घंटे तक आवाजाही बंद रही। बैतूल से बुरहानपुर मार्ग भी आज सुबह 7 बजे से बंद है। घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में बीती रात एक बार फिर भारी बारिश हुई। वहीं जिले के अन्य हिस्से भी मूसलाधार बारिश से तरबतर रहे।

बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे क्रमांक 69 (betul bhopal national highway closed) को एक बार फिर सुखतवा में स्थित पुल ने अवरूद्ध कर दिया है। बीती रात आई बाढ़ में इस नदी पर बनाए गए पुल के एक किनारे का हिस्सा बहा दिया है। हालांकि अभी बाढ़ पूरी तरह से उतरी नहीं है। इससे यह साफ नहीं हो पाया है कि पुल का कितना हिस्सा टूटा और बहा है। बाढ़ के पूरी तरह उतरने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। लेकिन, अभी तक जो स्थिति साफ हो पाई है, उसके अनुसार इस पुल से फिलहाल वाहन तो नहीं निकल सकते। बाढ़ उतरने के बाद सुधार कार्य होने पर ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकेगी।

पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। वे बाढ़ उतरने का इंतजार कर रहे थे। पुल बहने की खबर ने वाहन चालकों और उनमें सवार लोगों को परेशान कर दिया है। सुखतवा का पुल बहने के कारण ही बैतूल से भोपाल जाने वाली कोई बस भी आज बैतूल से रवाना नहीं हो सकी। वहीं भोपाल की ओर से केवल एक बस बैतूल पहुंची। वह भी बाढ़ आने के पहले पुल पार चुकी थी। उसके बाद से कोई बस नहीं आई है। बैतूल से भोपाल के बीच यातायात पूरी तरह ठप हो चुका है। देखें वीडियो…

बैतूल-बुरहानपुर का भी संपर्क टूटा

उधर बैतूल से बुरहानपुर (betul burhanpur) मार्ग भी सुबह 7 बजे से बंद है। दामजीपुरा क्षेत्र में धामदेही गाड़ाघाट नदी रपटे के ऊपर से पानी जाने के कारण यहां यह स्थिति बनी है। बैतूल से शेखपुरा, गुलाई, देड़तलाई होते हुए बसें इस मार्ग से बुरहानपुर पहुंचती है। यही मार्ग महाराष्ट्र के धारणी भी जाता है। इसके चलते धारणी रोड भी बंद है। इन दो प्रमुख मार्गों के बंद होने से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी उठाना पड़ रहा है।

शाहपुर में भी रोका माचना ने रास्ता

इधर शाहपुर में माचना नदी भी एक बार फिर उफान पर रही। इसके चलते यहां रात 3 बजे से सुबह 8.30 बजे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। सैकड़ों की संख्या में वाहन पुल के दोनों ओर खड़े थे। बाढ़ उतरने के बाद इन वाहनों को निकाला गया। इनमें कई सवारी वाहन भी थे। बाढ़ के चलते उनमें सवार लोगों को खासा परेशान होना पड़ा। क्षेत्र और जिले की अन्य नदी और नालों में भी बाढ़ के चलते उन क्षेत्रों में भी आवाजाही ठप रही।

यह भी पढ़ें… बड़ी खबर : बैतूल-भोपाल हाइवे पर सुखतवा का पुल ढहा, हाइवे से यातायात ठप, झेल नहीं पाया 138 पहिए वाले ट्राले का वजन

रात भर होती रही जिले में बारिश

बीती रात एक बार फिर जिले भर में भारी बारिश हुई है। ऐसा लग रहा है कि इस बार बारिश सारे रिकॉर्ड तोड़ने पर आमादा है। भारी बारिश के कारण यातायात बाधित होने के साथ ही जनजीवन भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। लोगों के जरुरी कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं। अब लोग यही चाह रहे हैं कि बारिश कुछ दिन के लिए खुल जाएं ताकि सभी को राहत महसूस हो सके।

यह भी पढ़ें… बहुत जल्द ‘गुड़’ के लिए मशहूर होंगे बैतूल जिले के 3 रेलवे स्टेशन, आमला में बिक्री केंद्र का शुभारंभ, बैतूल-घोड़ाडोंगरी में भी जल्द शुरू होंगे

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button