संतरे की करते हैं खेती, सालाना कमाते हैं 40 लाख रुपए से अधिक

बैतूल जिले के विकासखंड भैंसदेही के ग्राम पिपलनाकलां के किसान कुंजबिहारी अमरूते संतरे की खेती कर सालाना 40 से 50 लाख रुपए तक की आय अर्जित कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने प्रदेश शासन की योजनाओं का भी लाभ लिया।
श्री अमरूते के पास 20 एकड़ जमीन है, जिसमें से 17 एकड़ जमीन में संतरे की खेती करते हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बलराम तालाब योजना के तहत अपने खेत में तालाब बनवाया है। इस तालाब से 3 एचपी की मोटर लगाकर दिन भर संतरे की फसल को पानी देते हैं।

श्री अमरूते बताते हैं कि उन्हें संतरे की फसल लेने में प्रतिवर्ष लगभग 8 से 10 लाख रुपए की लागत लगती है। उन्होंने 17 एकड़ जमीन पर लगभग 2500 संतरे के पौधे लगाए हैं, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 150 से 200 टन संतरे की फसल होती है। बाजार में अच्छा मूल्य मिलने पर उन्हें सालाना लगभग 40 से 50 लाख रुपए तक की आमदनी होती है।
श्री अमरूते बताते हैं कि किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा उन्हें लाभकारी मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। उनके खेत के चारों तरफ नदी होने के कारण भविष्य में वे अपने खेत में स्टॉप डेम बनाकर वाटर हार्वेस्टिंग करने की योजना है।




