कुदरत का चमत्कार: इस ट्यूबवेल के मुंह पर जो भी आता, उसे निगल लेता है यह भीतर
आपने मगरमच्छ या अजगर को तो देखा ही होगा। उनके मुंह के सामने जो भी जाता है, वे उसे भीतर निगल लेते हैं। कुछ उन्हीं की तरह की गतिविधियां बैतूल के भीमपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत में एक ट्यूबवेल भी कर रहा है। इसके मुंह पर जो भी जाता है, उसे यह ट्यूबवेल तेजी से भीतर खींच लेता है। इसी के चलते यह टयूबवेल लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना है।
सिमोरी पंचायत के आदिवासी बहुल गांव दूनी के किसान दिनेश इवने के खेत में स्थित है यह अजीबोगरीब ट्यूबवेल। इसे उन्होंने 3 साल पहले खनन करवाया था। बोरवेल में पानी तो नहीं लगा, लेकिन एक अजीब गुरुत्वाकर्षण इसमें देखा जा रहा है। इसी के चलते लोग इसे देखने पहुंचते हैं।

यह बोरवेल नीचे की ओर हवा खीच रहा है। यानि यह अजगर की भाँति इसके ऊपर से गुजरने वाली हर वस्तु को भीतर निगल लेता है। कीट पतंगों ही नहीं बल्कि यहाँ तक कि पक्षियों को भी यह निगल लेता है। हवा इतनी तीव्र गति से नीचे की ओर चलती है कि सम्भलने का मौका भी नहीं मिलता।
ग्रामीण बताते हैं कि एक दिन बोरवेल के ऊपर अचानक बैठी मुर्गी भी बोर के अंदर समां गई। ऐसा किस वजह से हो रहा है यह सोचकर ग्रामीण और किसान भी अचंभित है। हालांकि पक्षियों और कीट पतंगों की मौत ना हो, इसलिए उसे वे ढंक कर ही रखते हैं।
जमीन के भीतर गहराई में कई तरह की गैसें होती हैं। यदि बोरवेल में पानी होता तो गैसें पानी में घुल जातीं और उनका कोई असर नहीं दिखता। चूंकि यह बोर सूखा है, इसलिए गैसें अपना प्रभाव दिखा रही हैं। गैस के कारण ही यह बोरवेल वैक्यूम क्लीनर की तरह बर्ताव करते हुए चीजों को भीतर खींच रहा है। उसमें यह स्थिति तब तक रहेगी, जब तक नीचे पानी नहीं आएगा। उस बोर को ढंक कर ही रखना चाहिए ताकि किसी को कोई नुकसान ना पहुंचे।
प्रो. डॉ. एमके मेहता
सेवानिवृत्त प्राध्यापक
जेएच कॉलेज, बैतूल



