midday meal disorder : स्कूल का किया औचक निरीक्षण, मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन में मिली गड़बड़ियां, दिया गया अल्टीमेटम
▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल
midday meal disorder : बैतूल जिले के कई स्कूलों में मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन नियमानुसार नहीं हो रहा है। ग्राम आलमगढ़ में स्थित प्राथमिक शाला में भी मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके मद्देनजर जनप्रतिनिधियों ने शाला का औचक निरीक्षण (A surprise check) किया। इस दौरान शिकायतें सही पाई गईं। योजना के संचालन में कई गड़बड़ियां पाई गईं। इसे देखते हुए गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए गए। सुधार न होने पर अध्यक्ष-सचिव को बदलने का अल्टीमेटम दिया गया।
विधायक प्रतिनिधि अकरम खान पटेल ने बताया कि ग्राम आलमगढ़ में मध्यान्ह भोजन योजना को लेकर पालकों की आए दिन शिकायतें मिल रही थी। इस पर सरपंच सुनील काजले, उप सरपंच, सचिव और स्वयं उन्होंने प्राथमिक शाला आलमगढ़ में जाकर मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण किया।
- Read Also : बेहद खौफनाक : बैल को ढूंढने जंगल गए किसान पर वन्य जीव का हमला, तीखे नाखूनों से नोच कर निकाल ली दोनों आंखें
पालकों ने बताया कि मध्यान्ह भोजन में मिलने वाला अनाज, समूह के अध्यक्ष और सचिव अपने घर ले जाकर रखते हैं। बच्चों को मेन्यू के अनुसार भोजन भी नहीं देते हैं। जांच में यह बात सही पाई गई। गांव के समस्त पालकों, पंचों और ग्रामीणों के समक्ष पंचनामा बनाया।
बुलाने पर भी नहीं आए अध्यक्ष-सचिव
मध्यान्ह भोजन योजना की यह स्थिति देखकर समूह के अध्यक्ष और सचिव को बुलाया गया। बुलाने के बावजूद वे नहीं आए। इस पर उन्हें अल्टीमेटम देकर भोजन की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव भी लिया गया कि अगर भविष्य में सुधार नहीं होता है तो अध्यक्ष और सचिव को बदल दिया जाएगा।



