MP Weather News : दो दर्जन से ज्यादा जिलों में हो सकती है भारी बारिश, IMD ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट
MP Weather News: Heavy rain may occur in more than two dozen districts, IMD issues Orange and Yellow alert

MP Weather News : देश के कई राज्यों में इन दिनों मूसलाधार बारिश का दौर चल रहा है। इसके चलते वहां भारी जन धन का नुकसान भी हो रहा है। फिलहाल एमपी में तबाही जैसे हालात तो नहीं हैं, लेकिन पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश जरूर हो रही है। हालांकि लगातार हो रही बारिश कब रौद्र रूप ले लें, इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। इधर मौसम विभाग ने मंगलवार को अगले 24 घंटों में एमपी के दो दर्जन से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन में अगले 24 घंटों के लिए 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 22 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के जिन 5 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें विदिशा, बैतूल, गुना, छिदवाड़ा और सिवनी जिले शामिल हैं। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा एवं गरज चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार यहां 64.5 एमएम से 204.4 एमएम तक बारिश हो सकती है।
इसके अलावा रायसेन, सीहोर, भोपाल, राजगढ, खंडवा, नर्मदापुरम, हरदा, खरगौन, बडवानी, अलीराजपुर, बुरहानपुर, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, अशोक नगर, श्योपुर कलां, शिवपुरी, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला और सागर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा एवं गरज चमक की संभावना जताई गई है। इन जिलों में 64.5 एमएम से 115.6 एमएम तक बारिश हो सकती है।
- Also ReadGold Silver Price: सावन के चलते सोना हुआ सस्ता, चांदी के दाम है स्थिर, जानें आज के ताजा रेट
IMD ने मौसम का संभावित पूर्वानुमान भी जारी किया है। इसमें कई जिलों में गरज चमक या वज्रपात के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। ऐसा भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर, शहडोल, जबलपुर संभागों के जिलों में तथा गुना, अशोक नगर, शिवपुरी, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर जिलों में अधिकांश स्थानों पर, श्योपुर कलां नीमच, मंदसौर, सागर, दमोह, छतरपुर जिलों में अनेक स्थानों पर और रीवा संभाग के जिलों में तथा पन्ना, टीकमगढ, निवाडी, ग्वालियर, दतिया, भिण्ड, मुरैना जिलों में कुछ स्थानों पर हो सकता है।

बैतूल में बारिश की यह है स्थिति
बैतूल में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। यहां बीते 24 घंटों में आज सुबह तक 24.9 एमएम (मिलीमीटर) बारिश हुई है। सबसे ज्यादा 75 एमएम बारिश भीमपुर ब्लॉक में हुई जबकि बैतूल ब्लॉक में 52.2 एमएम बारिश हुई है। इस साल जिले में अभी तक 231.5 एमएम बारिश हुई है जो कि बीते साल आज तक हुई 341.2 एमएम से काफी कम है। इस साल सबसे ज्यादा 466 एमएम बारिश भैंसदेही ब्लॉक में हुई है। इसके अलावा बैतूल में 307.8, घोड़ाडोंगरी में 136, चिचोली में 125.4, शाहपुर में 99, मुलताई में 210.2, प्रभात पट्टन में 298.7, आमला में 210, आठनेर में 122.6 और भीमपुर में 340 एमएम बारिश हुई है।



