मध्यप्रदेश अपडेट

MP Development Projects: एमपी के इस शहर में बनेगा करोड़ों का भव्य स्टेडियम, यूनिवर्सिटी की सौगात भी मिलेगी

MP Development Projects: मध्यप्रदेश के छतरपुर शहर में 10 करोड़ रुपए की लागत से एक अत्याधुनिक स्टेडियम बनाया जाएगा। यही नहीं पूर्व में किए गए विश्वविद्यालय की स्थापना के वादे को भी पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही 30 एकड़ क्षेत्र में विशाल गौशाला का निर्माण किया जाएगा। यहां पर पशुपालन और गोसेवा की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा छतरपुर को एक नया कन्या विवाह भवन और सामुदायिक भवन भी मिलने जा रहा है, जिस पर लगभग एक करोड़ रुपए खर्च होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को छतरपुर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में संबोधित करते हुए यह सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के पास ही एक नया चिकित्सालय भी बनाया जाएगा, जिससे आम जनता को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

एमपी-यूपी इकोनॉमिक कॉरिडोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि एमपी-यूपी इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत सागर-कबरई फोरलेन बनने से यात्रा का समय काफी घट जाएगा। इस परियोजना के पूरे हो जाने पर छतरपुरवासी सिर्फ दो घंटे में संभागीय मुख्यालय सागर पहुँच पाएंगे। इससे न सिर्फ व्यापारिक गतिविधियाँ तेज होंगी बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँचना भी आसान होगा।

केन-बेतवा लिंक परियोजना

मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा लिंक परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने जा रही है। इस नदी जोड़ो परियोजना से लाखों किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा। खेतों में पानी पहुँचेगा तो उपज कई गुना बढ़ेगी और यह क्षेत्र अनाज उत्पादन में पंजाब-हरियाणा को भी पीछे छोड़ सकता है।

पर्यटन उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

उन्होंने कहा कि आज पर्यटन भी उद्योग की तरह उभर रहा है। हाल ही में ग्वालियर में हुए रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में 3500 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। छतरपुर और बुंदेलखंड के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को भी इससे बड़ा फायदा होगा।

छतरपुर को विश्वविद्यालय का तोहफा

मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि उच्च शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने छतरपुर के महाविद्यालय को विश्वविद्यालय बनाने का कार्य शुरू किया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह सपना अधूरा नहीं रहेगा। सरकार श्रीकृष्ण पाथेय को भी विकसित कर रही है, ठीक वैसे ही जैसे श्रीराम वन-गमन पथ को तीर्थ स्थल के रूप में संवारा गया है।

किसानों और गोपालकों के लिए योजना

उन्होंने कहा कि जिन घरों में गाय है, वे सच्चे अर्थों में गोपाल कहलाते हैं। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना शुरू की गई है। इस योजना में गाय खरीदने पर सब्सिडी दी जाती है। राज्य सरकार गोपालकों से दूध खरीदेगी, जिससे पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

युवाओं और महिलाओं के लिए योजनाएँ

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 22,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भर्ती हो रही है और 1 लाख नए पद भी सृजित किए गए हैं। उद्योगों के साथ-साथ स्वरोजगार को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने लाड़ली बहनों का जिक्र करते हुए कहा कि रक्षाबंधन पर उन्हें 1500 रुपए की राशि भेजी गई और अब भाई दूज के बाद हर महीने उन्हें यह सहायता राशि मिलती रहेगी।

छतरपुर को नई सौगातें

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि छतरपुर को कई सौगातें मिल रही हैं। यहां मेडिकल कॉलेज का 60′ निर्माण पूरा हो चुका है। छत्रसाल महाविद्यालय का काम भी तेजी से हो रहा है। जल्द ही शहर को नया बस स्टैंड और ऑडिटोरियम भी मिलेगा। इसके अलावा छतरपुर को नगर निगम का दर्जा देने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

विधायक ललिता यादव ने कहा कि छतरपुर की ऐतिहासिक पहचान को संजोने के लिए चारों दिशाओं में छत्रसाल द्वार बनाने का सुझाव दिया गया है।

सेंट्रल लाइब्रेरी का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने छतरपुर सिंचाई कॉलोनी में बने 5 करोड़ की लागत से तैयार आधुनिक सेंट्रल ग्रंथालय का उद्घाटन किया। उन्होंने छात्रों से मुलाकात की और कहा कि यह पुस्तकालय युवाओं के लिए ज्ञान अर्जन का बड़ा केंद्र साबित होगा।

सांस्कृतिक धरोहर का किया उल्लेख

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की पहचान भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से है। उन्होंने कहा कि छतरपुर का इतिहास भी गौरवशाली रहा है। वीर आल्हा-ऊदल, छत्रसाल महाराज जैसे योद्धाओं की गाथा इस धरती से जुड़ी हुई है। खजुराहो जैसे विश्व धरोहर स्थल और पन्ना की हीरे की खदानें यहां की विशेष पहचान हैं। पन्ना का टाइगर रिजर्व भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है।

जनता की यह उम्मीदें

यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि जैसे द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने वंचितों और शोषितों के लिए कार्य किया था, वैसे ही आज मुख्यमंत्री मोहन यादव भी समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं।

बुंदेलखंड के विकास पर फोकस

छतरपुर और आसपास के क्षेत्रों को मिली इन घोषणाओं से यह साफ है कि सरकार बुंदेलखंड को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। स्टेडियम, मेडिकल कॉलेज, गौशाला, सड़क और विश्वविद्यालय जैसी सौगातें न सिर्फ छतरपुर बल्कि पूरे इलाके की तस्वीर बदलेंगी।

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button