बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

लापरवाही उजागर : ई कोलाई बैक्टीरिया युक्त पानी पिला रही थी नगर परिषद, आधा दर्जन और मरीज जिला अस्पताल रेफर

इस कुएं से किया जाता है बैतूल बाजार में पानी सप्लाई.

▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल
Ulti dast ka prakop : बैतूल बाजार के 2 वार्डों में फैले उल्टी-दस्त (vomiting and diarrhea) के प्रकोप में नगर परिषद की साफतौर पर लापरवाही सामने आई है। नगर परिषद द्वारा नगरवासियों को जो पानी सप्लाई किया जा रहा था उसमें ई कोलाई बैक्टीरिया पाए गए हैं। बुधवार को मिली पानी की जांच रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। इधर उल्टी-दस्त से पीड़ित आधा दर्जन और मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बैतूल बाजार नगर के मालवीय और भवानी वार्ड में पिछले एक सप्ताह से उल्टी-दस्त का प्रकोप फैला है। इसकी सूचनाएं मिलने के बावजूद नगर परिषद और स्वास्थ्य विभाग द्वारा बीमारी की रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। नतीजतन, सोमवार रात में एक 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। वहीं करीब आधा सैकड़ा लोग पीड़ित हैं।

बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके तिवारी भी बैतूल बाजार पहुंचे.

यह मामला सामने आने के बाद मंगलवार शाम को कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम बैतूल बाजार भिजवाई गई। कलेक्टर और प्रशासन के संज्ञान में मामला आने और उनके सख्त निर्देश के बाद कहीं स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद हरकत में आए। इसके बाद पीड़ितों का उपचार शुरू हो सका।

सैंपल देकर भूल गई नगर परिषद

दो वार्डों में उल्टी-दस्त की शिकायत मिलने के बाद नगर परिषद ने पानी के सैंपल लिए थे। इन्हें जांच के लिए देने की औपचारिकता पूरी करने के बाद नगर परिषद खुद ही भूल गई। अधिकारियों के पहुंचने के बाद जब पानी की गुणवत्ता पर सवाल उठे तब सैंपल की रिपोर्ट की याद आई। यह रिपोर्ट 17 अगस्त को ले जाई गई है। इधर पीएचई सूत्रों का कहना है कि पानी की जांच रिपोर्ट मात्र 24 घंटे में आ जाती है। जाहिर है कि खुद नगर परिषद ने ही इस ओर ध्यान नहीं दिया।

पानी में पाया गया यह बैक्टीरिया

पीएचई से पानी की जो जांच रिपोर्ट मिली है उसमें ई कोलाई बैक्टीरिया पाया गया है। जानकारों का कहना है कि इसी बैक्टीरिया के कारण पानी अशुद्ध होता है और ऐसी बीमारियों को बुलावा देता है। पानी में यदि बैक्टीरिया नहीं होता तो यह उल्टी-दस्त का प्रकोप भी नहीं फैलता। इधर नगर परिषद ने न तो जांच रिपोर्ट की सुध ली और न सप्लाई रोकी थी। मंगलवार को अधिकारियों के पहुंचने पर पानी की सप्लाई रोक कर केन से आरओ का पानी पहुंचाना शुरू हुआ था।

आधा दर्जन और मरीज बैतूल पहुंचे

इधर उल्टी-दस्त का प्रकोप अभी भी इन वार्डों में बना है। कल 3 गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद आज और 6 गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इधर वार्डों में भी अब स्वास्थ्य विभाग का दल घर-घर पहुंच कर मरीजों को दवाइयां वितरित कर रहा है। उल्टी-दस्त के प्रकोप से लोगों में खासा डर बना हुआ है। बुधवार को सीएमएचओ डॉ. एके तिवारी भी बैतूल बाजार पहुंचे और जानकारी प्राप्त की।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button