Gold Silver Price Crash: लगातार दूसरे दिन धड़ाम से गिरे सोना-चांदी के दाम, दो दिनों में बर्बाद हो गए निवेशक, कैसा रहेगा भविष्य
Gold Silver Price Crash: रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद अचानक आई बड़ी गिरावट, MCX से ETF तक दिखा असर

Gold Silver Price Crash: सोना और चांदी की कीमतों में आई तेज गिरावट ने निवेशकों और बाजार से जुड़े लोगों को चौंका दिया है। रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद अचानक आई इस कमजोरी से वायदा बाजार से लेकर ETF तक दबाव में नजर आ रहे हैं। लगातार दूसरे दिन दाम टूटने से सर्राफा और कमोडिटी बाजार में हलचल बनी हुई है।
लगातार दूसरे दिन सोना-चांदी में बड़ी गिरावट
गोल्ड और सिल्वर मार्केट में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है। 1 फरवरी को वायदा बाजार में चांदी के भाव में करीब 25 हजार रुपए यानी लगभग 9 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। इसके बाद एक किलो चांदी का दाम घटकर 2.65 लाख रुपए पर आ गया। वहीं सोने की कीमत में भी करीब 12 हजार रुपए यानी लगभग 8 प्रतिशत की कमी आई और 10 ग्राम सोना 1.38 लाख रुपए पर ट्रेड करता नजर आया।
सर्राफा बाजार बंद, पहले ही टूट चुके थे दाम
आज सर्राफा बाजार बंद है, लेकिन इससे पहले 30 जनवरी को भी सोना-चांदी के दामों में तेज गिरावट दर्ज की गई थी। उस दिन चांदी 40,638 रुपए सस्ती हुई थी, जबकि सोने की कीमत में 9,545 रुपए की कमी आई थी। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक, 30 जनवरी को एक किलो चांदी का भाव घटकर 3,39,350 रुपए पर पहुंच गया था। वहीं 24 कैरेट सोने का भाव 10 ग्राम के लिए 1,65,795 रुपए दर्ज किया गया था।
दो दिन में कितनी सस्ती हुई कीमती धातुएं
वायदा बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर पिछले दो दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट हुई है। 29 जनवरी को सोना 1.69 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गया था, जो अब घटकर 1.38 लाख रुपए पर आ गया है। इस तरह दो दिन में सोने में करीब 31 हजार रुपए की गिरावट हुई। वहीं चांदी 29 जनवरी को 4.01 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई थी, जो अब घटकर 2.65 लाख रुपए पर ट्रेड कर रही है। यानी चांदी करीब 1.36 लाख रुपए सस्ती हो चुकी है।
ETF पर भी दिखा गिरावट का असर
सोना-चांदी की कीमतों में आई इस तेज गिरावट का असर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स पर भी साफ नजर आया। MCX में कमजोरी के बाद गोल्ड ETF में शुरुआती ट्रेडिंग के दौरान करीब 8 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। वहीं सिल्वर ETF में यह गिरावट और ज्यादा रही और इनमें करीब 15 प्रतिशत तक की कमजोरी दर्ज की गई।
गिरावट के पीछे की यह प्रमुख वजहें
बाजार जानकारों के अनुसार, हाल के दिनों में सोना और चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। इसके बाद निवेशकों ने बड़े स्तर पर मुनाफावसूली की, जिससे कीमतों पर दबाव बना। इसके साथ ही ऑल टाइम हाई के बाद फिजिकल डिमांड कमजोर हुई और औद्योगिक उपयोग को लेकर भी चिंताएं बढ़ीं, जिसने बाजार की धारणा को प्रभावित किया।
- यह भी पढ़ें : Betul Murder Case: मुलताई में युवती की हत्या का सच आया सामने, शादी से इनकार पर प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश
मार्जिन बढ़ने से बढ़ा भारी दबाव
सेबी रजिस्टर्ड कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज ने कॉपर के बाद अब सोने और चांदी में भी मार्जिन मनी बढ़ा दी है। सोने पर मार्जिन 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 8 प्रतिशत किया गया है, जबकि चांदी पर इसे 11 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है।
कमोडिटी बाजार में मार्जिन बढ़ने का मतलब है कि ट्रेडर्स को सौदे के लिए पहले से ज्यादा रकम जमा करनी होगी। जिन ट्रेडर्स ने पहले ही खरीदारी कर रखी है, उनसे एक्स्ट्रा पैसा मांगा जाता है। अगर वे यह रकम तुरंत नहीं जुटा पाते, तो उन्हें अपने सौदे बेचने पड़ते हैं। जब एक साथ बड़ी संख्या में बिकवाली होती है, तो कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिलती है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



