बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

Sambal Yojana : मध्यप्रदेश के 15948 हितग्राहियों के खातों में पहुंचेगी 345 करोड़ से अधिक की अनुग्रह सहायता राशि, किसानों की भी होगी क्षतिपूर्ति

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि संबल योजना के प्रावधानों की जानकारी जनपद तथा पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल ) योजना तथा कर्मकार कल्याण मंडल की योजना से सभी पात्र व्यक्तियों को जोड़ने के लिए राज्य स्तर से जिला और ग्राम–वार्ड स्तर तक प्रभावी गतिविधियाँ संचालित की जाएँ।

मुख्यमंत्री श्री चौहान 12 अक्टूबर को रायसेन के दशहरा मैदान में संबल और भवन संनिर्माण श्रमिक हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता राशि के अंतरण कार्यक्रम के लिए जारी तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। निवास कार्यालय में बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव श्रम सचिन सिंहा, भोपाल संभागायुक्त गुलशन बामरा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। रायसेन कलेक्टर बैठक में वर्चुअली सम्मिलित हुए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान की अध्यक्षता में रायसेन के दशहरा मैदान पर 12 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम आरंभ होगा। इसमें लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रभुराम चौधरी और सहकारिता मंत्री एवं रायसेन जिले के प्रभारी अरविंद भदौरिया विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा सिंगल क्लिक से 15 हजार 948 हितग्राहियों के खातों में 345 करोड़ 59 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की जाएगी।

तीन कल्याण मंडलों की मार्गदर्शिका का विमोचन होगा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर के श्रमोदय आवासीय विद्यालयों को आईएसओ प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। उत्तम श्रमिक पुरस्कारों का वितरण भी होगा। कार्यक्रम का प्रसारण सभी जनपद पंचायतों में होगा।

बेमौसम बरसात से प्रभावित फसलों की होगी क्षतिपूर्ति

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बेमौसम बरसात से कई जगह हमारे किसान भाई-बहनों की फसलों को क्षति पहुँची है। लेकिन वे चिंता नहीं करें। प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल फसलों के नुकसान का सर्वे आरंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे कर, क्षति के आकलन के आधार पर किसानों राहत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय से मीडिया के माध्यम से किसानों को जारी संदेश में यह बात कही।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि फसल बीमा योजना का लाभ मिले, इसके निर्देश भी दिए गए हैं। किसान भाई चिंता न करें, राज्य सरकार उनके साथ है। क्षति की भरपाई की जाएगी। प्रभावित किसानों को संकट से उबारने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Back to top button