Weather Update : अगले 24 घंटों में इन 16 जिलों में बरसेंगे बादल, बिजली गिरने की भी IMD ने दी चेतावनी
Weather Update: Clouds will rain in these 16 districts in the next 24 hours, IMD warns of lightning

Weather Update : मध्यप्रदेश के कई जिलों में फिर से मौसम के मिजाज बिगड़ने वाले हैं। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार को पूर्वानुमान जताया है कि प्रदेश के 16 जिलों में फिर से अगले 24 घंटे में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही इन्हीं जिलों में गरज के साथ बिजली गिरने या चमकने की घटना भी हो सकती है। मौसम के बिगड़े मिजाज से किसानों की चिंता बनी हुई है।
मौसम केन्द्र भोपाल ने सोमवार को जारी बुलेटिन में कहा है कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ जिलों में कहीं-कहीं वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। इन जिलों में श्योपुरकलां, भोपाल, दतिया, मुरैना, रायसेन, गुना, भिण्ड, राजगढ़, ग्वालियर, खंडवा, खरगौन, निवाड़ी, सीहोर, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर शामिल हैं। इन्हीं जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने या गिरने की संभावना की चेतावनी भी मौसम केंद्र भोपाल ने दी है।
सभी जिलों में शुष्क रहा था मौसम (Weather Update)
गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा था। अधिकतम तापमान में भी सभी जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। अधिकतम तापमान उज्जैन, भोपाल एवं ग्वालियर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक तथा शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहा था। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में दर्ज किया गया था।
न्यूनतम तापमान की यह रही स्थिति
इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी सभी सभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। यह उज्जैन संभाग के जिलों में सामान्य से अधिक तथा शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहा था। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस मलाजखंड में दर्ज किया।
बारिश-ओलों ने पहुंचाया नुकसान (Weather Update)
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों मौसम के मिजाज बिगड़ने पर कई जिलों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि भी हुई थी। इससे खेतों में खड़ी फसल को खासा नुकसान पहुंचा। किसानों की महीनों की मेहनत से तैयार फसलें कुछ ही देर में तबाह हो गई है। इसके चलते शासन द्वारा सर्वे भी करवाया जा रहा है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने पर्याप्त मदद का आश्वासन दिया है। हालांकि एक बार फिर बारिश की चेतावनी ने किसानों को दोबारा चिंतित कर दिया है।



