किसानों का 25 किलोमीटर पैदल मार्च, एक घण्टे तक किया चक्काजाम

ग्राम तिवरखेड़ के किसानों ने आज अपने गांव से मुलताई तक 25 किलोमीटर पैदल मार्च किया। इसके बाद मुलताई में एक घण्टे तक चक्काजाम किया। अधिकारियों द्वारा 20 मार्च तक हर हाल में राशि मिल जाने के आश्वासन पर किसान माने। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि अब भी बीमा राशि नहीं मिली तो वे जिला मुख्यालय बैतूल में बड़ा आंदोलन करेंगे।

फसल बीमा की राशि नहीं मिलने पर बीते दिनों एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर किसानों ने राशि प्रदान करने की मांग की थी। ज्ञापन देने के एक पखवाड़े बाद भी किसानों के खाते में राशि जमा नहीं हुई। इससे नाराज होकर ग्राम तिवरखेड़ के सैकड़ों किसान ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रभात पट्टन के अध्यक्ष डॉ. विजय देशमुख के नेतृत्व में बुधवार सुबह 8.30 बजे ग्राम से पैदल मुलताई की ओर निकले।

मुलताई पहुंचकर नगर के मध्य से गुजरने वाले मार्ग पर स्थित ताप्ती जी के प्रथम पुल पर धरना देते हुए बैठ गए। लगभग 1 घंटे तक किसान मार्ग पर बैठे रहे। इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम हरसिमरन प्रीत कौर मौके पर पहुंचीं।उन्होंने किसान नेता डॉ. विजय देशमुख से चर्चा कर 20 मार्च तक किसानों के खाते में राशि जमा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया।

डॉ. देशमुख ने बताया कि ज्ञापन देने के बाद भी प्रशासन ने किसानों की समस्या का निराकरण नहीं किया था। इसलिए मजबूर होकर किसानों को 25 किलोमीटर पैदल चलकर तहसील मुख्यालय मुलताई आना पड़ा। डॉ. विजय देशमुख सहित किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि 20 मार्च तक किसानों के खाते में फसल बीमा की राशि जमा नहीं होने पर ग्राम तिवरखेड सहित आसपास के गांव के किसान जिला मुख्यालय बैतूल में बड़ा धरना प्रदर्शन करेंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
20 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से लगाई फांसी, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम



