Illegal brick kilns : सालों से चल रहे थे अवैध ईंट भट्टे, ग्रामीणों ने हल्ला बोला तब हुई कार्यवाही, मौके पर मिलीं लाखों ईंटें, की गई जब्त
◾ नवील वर्मा, शाहपुर
शाहपुर के पहावाड़ी गांव में बीते कई सालों से अवैध रूप से 3-3 ईंट भट्टे चल रहे थे। मजेदार बात यह है कि इसके बावजूद ना किसी जिम्मेदार विभाग को इसकी खबर थी और ना ही किसी ने इन पर कार्यवाही करने की जहमत ही उठाई। बुधवार को खुद पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने ईंट भट्टों पर पहुंच कर हल्ला बोला, सभी जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद कहीं इन ईंट भट्टों पर कार्यवाही हो पाई। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में प्रशासनिक काम काज किस ढर्रे पर चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहपुर ब्लॉक के पहावाड़ी गांव में अवैध रूप से ईंट भट्टों का संचालन लंबे समय से चल रहा था। लाखों की तादाद में यहां ईंटें बनाई जा रही थी। यहां पर अवैध लकड़ी और कोयले का भी बड़े पैमाने पर उपयोग हो रहा था। बावजूद इसके ना तो आज तक वन विभाग ने कोई कार्यवाही की ना ही खनिज विभाग ने।

इन सबके चलते ही बुधवार को अरविंद मालवीय, दीपक शर्मा, मुकेश ठाकुर, शिवसिंह, नवीन, संतोष, भरत बडोदे, संतोष सोने सहित अन्य ग्रामीण इन ईंट भट्टों पर पहुंचे। यहां का नजारा देख उन्होंने पंचनामा बनाया। पंचनामे के अनुसार यहां अवैध ईंट भट्टे 4-5 सालों से चल रहे थे। 25 से 30 लाख ईंट मौके पर पाई गई है। यहां कोयला, लकड़ी, बिजली कनेक्शन सब कुछ अवैध रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है। पंचनामा बनाने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग, बिजली विभाग और तहसीलदार को सूचना दी।
सूचना के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और मुआयना किया। हालांकि विभाग के द्वारा क्या कार्यवाही की गई, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। तहसीलदार एंतोनिया एक्का ने जरूर पंचनामा बनाकर ईंटों को जब्त कर लिया है। ईंट भट्टा संचालकों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। यदि ग्रामीण पहल नहीं करते तो यह अवैध कारोबार बदस्तूर जारी रहता।
हमें ग्रामीणों द्वारा अवैध ईंट भट्टों के संचालन की सूचना दी गई थी। यहां पहुंचने पर पाया गया कि यहां 3 ईंट भट्टे अवैध रूप से संचालित किए जा रहे हैं। यह ईंट भट्टे कमलेश, राहुल और ऋतिक प्रजापति के हैं। मौके से साढ़े 3 लाख ईंट जब्त की गई हैं। कार्यवाही की जा रही है।
एंतोनिया एक्का
तहसीलदार, शाहपुर



