chekdam foota : बारिश शुरू होते ही खुल रही सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की पोल, अब केलबेहरा में लाखों का चेकडैम फूटा
● निखिल सोनी, आठनेर
बारिश शुरू होते ही जिले में हुए विभिन्न सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की पोल भी खुलने लगी है। हाल ही में चिचोली क्षेत्र में 44 लाख की लागत से बना अमृत सरोवर फूटा था। अब आठनेर ब्लॉक के केलबहरा गांव में चेकडैम फूटने का मामला सामने आया है। यह डैम 5 लाख से ज्यादा की लागत से बना था। डैम बहने से किसानों की 2 एकड़ की फसल बर्बाद हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक केलबेहरा गांव के सुभाष इवने और दिलीप के खेत के पास चेकडैम का निर्माण किया गया था। मनरेगा योजना के तहत यह चेकडैम कहने को तो तकनीकी अमले की देखरेख में बनाया गया था। लेकिन, लगता नहीं कि इसमें गुणवत्ता का कोई ध्यान रखा गया था। यही कारण है कि वर्ष 2020-21 में बना यह चेकडैम बारिश होने पर फूट गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस चेकडैम के निर्माण में भारी अनियमितता तकनीकी अमले के द्वारा की गई है। यही कारण है कि डैम फूट गया।
किसानों ने बताया कि यह डैम फूटने से उनकी करीब दो एकड़ खेत की फसल बर्बाद हो गई है। इससे उन्हें तगड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने राजस्व अमले से खेत की तबाह हुई फसल का सर्वे कर नुकसान की भरपाई किए जाने की मांग की है। उनका यह आरोप भी है कि बिना उनकी सहमति के यह चेकडैम बना दिया गया था। इधर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है।
यह भी पढ़ें… talab foota : गजब की गुणवत्ता, 44 लाख में बना था अमृत सरोवर, नहीं झेल पाया पहली बारिश भी और फूट गया



