Betul Murder News : पैसों के लेन देन पर छोटे भाई के सिर में मारी रॉड, कुछ देर बाद हो गई मौत, एसपी ने किया मौका मुआयना

Betul Murder News : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कुप्पा में पैसे के लेन-देन पर बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना पर एसपी सिमाला प्रसाद ने भी मौका मुआयना किया। साथ ही आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश भी उनके द्वारा दिए गए। इधर बैतूल शहर में एक समाचार पत्र के प्रसार सहायक पर हमले का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुप्पा गांव में बीती रात 36 वर्षीय सुमन सिंह पिता संतराम काकोड़िया का उसके बड़े भाई रमेश काकोड़िया से पैसे को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ते बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस दौरान बड़े भाई रमेश ने छोटे भाई सुमन के सिर पर रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में सुमन के सिर और नाक में चोट आई। परिजनों ने यह विवाद जैसे-तैसे शांत करवाया। जिसके बाद दोनों भाई अपने-अपने घर सोने चले गए।
गुरुवार सुबह करीब 4 बजे के आसपास घर में सोते समय सुमन की मौत हो गई। जैसे ही इसकी जानकारी परिजनों को लगी तो उन्होंने इसकी सूचना गांव कोटवार को दी। गांव कोटवार ने पाढर पुलिस चौकी पहुंचकर इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक बैतूल सिमाला प्रसाद एवं एफएसएल प्रभारी आबिद अंसारी द्वारा थाना प्रभारी कोतवाली की उपस्थिति में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रसाद द्वारा घटना के संबंध में मृतक के परिवारजनों एवं आसपास के लोगों से चर्चा की गई। उक्त प्रकरण में पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी किए जाने हेतु थाना प्रभारी कोतवाली एवं चौकी प्रभारी पाढर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। एफएसएल प्रभारी द्वारा घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कराई गई।

अब सांझवीर के प्रसार सहायक पर ओवरटेक के बाद हमला
इधर दूसरी ओर सांझवीर टाईम्स की निष्पक्ष पत्रकारिता पर सुनियोजित हमले जारी है। संपादक पंकज सोनी के साथ महिलाओं से हमला कराने वाले चेहरे बेनकाब हो चुके है। इस बीच बुधवार को कार्यालय के प्रसार सहायक और मशीन प्रबंधक रितेश पवार के साथ वाहन को ओवरटेक कर एक्टिवा पर सवार तीन युवकों ने हमला कर दिया।
तो प्रशासन को सौंप देंगे दफ्तर की चाभी
इस हमले में उनके सिर और हाथ पर चोट आई है। कोतवाली पुलिस ने हालांकि मामला दर्ज किया है, लेकिन आरोपियों का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं लगा है। इस मामले में अखबार के संपादक पंकज सोनी ने गुरूवार फिर कलेक्टर और एसपी को मामले में शिकायत कर स्वतंत्रत पत्रकारिता पर हो रहे हमले को लेकर चिंता जाहिर करते हुए बताया कि यदि इस तरह की घटनाएं नहीं रूकी तो अखबार के दफ्तर में ताला लगाकर प्रशासन के पास चाबी सौंप देंगे।
गाड़ी के आगे लहराने लगे काली एक्टिवा
सांझवीर टाईम्स में प्रसार सहायक और मशीन प्रबंधक रितेश पवार हर दिन की तरह 14 दिसम्बर को अपने दो पहिया वाहन से दोपहर 2.45 बजे सिविल लाईन दफ्तर से गौठाना स्थित प्लांट पर अखबारों के मास्टर (एलपीएफ) लेकर रवाना हुए थे। कॉलेज चौक से उनके दो पहिया वाहन के आगे काली एक्टिवा पर सवार तीन कैप और चेहरा ढके युवकों ने गाड़ी ओवरटेक की और इसे लहराते हुए जाने लगे। चूंकि रितेश को संपादक पर हुए सुनियोजित हमले को लेकर शंका हुई, तो उसने युवकों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
वाहन को भी कर दिया क्षतिग्रस्त
मुर्गी चौक दादाजी कुटी गेट के बीच जमकर मारपीट कर दी। उनका वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उसके बाद युवक एक गली से भाग निकले। उन्होंने घटना की जानकारी तत्काल अपने संपादक पंकज सोनी और मार्केटिंग प्रबंधक राज कवड़कर को दी। जानकारी लगते ही स्टॉफ के लोग उप संपादक गौरी पदम, स्थानीय संपादक ज्ञानदेव लोखंडे, प्रदीप कुर्वे मौके पर पहुंचे तब तक युवक भाग चुके थे।
भागते नजर आ रहे हैं तीन युवक
घटनास्थल के पास में लगे एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन युवक भागते हुए नजर आए। घटना के पांच घंटे बाद कोतवाली थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस ने रितेश पवार की एमएलसी के बाद धारा 294, 323, 506, 34 का मामला दर्ज किया है, लेकिन अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा है। श्री सोनी ने घटना की शिकायत कलेक्टर और एसपी से भी की है।



