ककड़ी उत्पादन कर कमा लिया तीन लाख से अधिक का मुनाफा

बैतूल जिले के विकासखंड आमला के ग्राम डूडरिया के किसान संतोष पिता गुलाबसिंग रोडले ककड़ी का उत्पादन कर लाखों रुपये का मुनाफा कमा रहे हैं। वे उद्यानिकी विभाग की क्लस्टर आधारित संरक्षित खेती परियोजना के तहत शेडनेड हाउस पद्धति से ककड़ी की फसल उत्पादन कर सालाना तीन लाख रुपए से अधिक का फायदा अर्जित कर रहे हैं।

उद्यानिकी विभाग की योजना से जुड़ने के पूर्व वे अपनी कृषि भूमि में मक्का एवं सोयाबीन की परंपरागत खेती करते थे। जिससे उन्हें कम फायदा होता था। वर्ष 2019-20 में उद्यानिकी विभाग के माध्यम से संतोष को क्लस्टर आधारित संरक्षित खेती शेडनेट हाउस निर्माण की जानकारी मिली। संतोष द्वारा कृषक अंश राशि जमा कर वर्ष 2019-20 में लगभग एक एकड़ कृषि भूमि पर शेडनेड हाउस का निर्माण किया गया एवं शेडनेट हाउस के अंदर ककड़ी की फसल ली गई।

ककड़ी फसल की सामग्री पर कुल अनुमानित लागत 1.40 से 1.60 लाख रुपए आई थी। ककड़ी उत्पाद 4.50 से 4.80 लाख रुपए में बेची गई, जिससे शुद्ध आय 3.10 से 3.20 लाख रुपए प्राप्त हुई। संतोष बताते हैं कि शेडनेट हाउस पद्धति से खेती कर उन्होंने अच्छी आय अर्जित की है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। वर्तमान में उनके द्वारा शेडनेट हाउस में ककड़ी की फसल ली जा रही है।



