हंगरी के रास्ते यूक्रेन से सुरक्षित भारत लौटा बैतूल का छात्र योगेश, परिवार ने ली राहत
यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर एक विशेष विमान रविवार सुबह दिल्ली लौटा। इन छात्रों का स्वागत करने स्वयं केंद्रीय मंत्री ज्योरादित्य सिंधिया एयरपोर्ट और विमान में पहुंचे थे।
भारत सरकार द्वारा यूक्रेन में फंसे छात्रों को वापस लाने किए जा रहे प्रयासों की बदौलत बैतूल का एक छात्र सुरक्षित वापस लौट आया है। इस छात्र की हंगरी के रास्ते वतन वापसी हुई है। वापस आने का सारा खर्च भारत सरकार ने उठाया। छात्र के सुरक्षित लौट आने से पूरे परिवार ने खासी राहत महसूस की है।

बैतूल निवासी ठेकेदार रामअवतार त्यागी का बेटा योगेश यूक्रेन (ukraine) की ओजार्ड सिटी में MBBS की पढ़ाई कर रहा है। वह 3 महीने पहले ही यूक्रेन गया था। पढ़ाई अभी ठीक से शुरू भी नहीं हुई थी कि वह और भारत से गए सभी छात्र इस मुसीबत में फंस गए। हालांकि खैरियत यह रही कि योगेश को देश वापस होने के लिए अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

योगेश के पिता रामअवतार त्यागी ने ‘बैतूल अपडेट’ से चर्चा में बताया कि योगेश को शनिवार को ओजार्ड से हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट (Budapest) ले जाया गया था। शनिवार रात में ही बुडापेस्ट से उन्होंने दिल्ली के लिये उड़ान भर ली थी। रविवार सुबह वह दिल्ली पहुंच गया है। फिलहाल वह नोएडा में अपनी बहन के पास है। वह कल बैतूल वापस लौटेगा।

श्री त्यागी ने बताया कि योगेश को वापस लाने में लगा सारा खर्च भारत सरकार ने ही उठाया है। भारत सरकार के द्वारा इस मामले में किए गए प्रयास वाकई सराहनीय रहे। योगेश को लेकर पूरा परिवार और सभी परिजन व शुभचिंतक परेशान थे। उसके सुरक्षित वापस आ जाने से सभी राहत महसूस कर रहे हैं।



