हनुमान जन्मोत्सव : दो साल बाद दद्दा के भक्तों में उत्साह, कहीं भंडारे, कहीं रथयात्रा तो कहीं बाइक रैली

कल से शहर बैतूल सजकर तैयार हैं। भगवा झंडा, पताका, गमछा, टोपी नगर की शोभा बढ़ा रही है। चौक-चौराहों को भगवा पताका, झंडों से पाट दिया है। दो साल बाद श्री हनुमान जन्मोत्सव शहर के साथ-साथ जिले भर में धूमधाम से मनाया जा रहा है।
‘उत्साह-उमंग-प्रसन्नता’ से आनंदित चेहरे, जिनकी वाणी में एक ही धुन ‘ जय जय श्री राम- जय जय श्री राम’ से गुंजायमान हो रही नगर की गली और मोहल्लों की मंदिर समितियों द्वारा प्रसन्न मन से भक्तों का ‘स्वागत- सत्कार- अभिनंदन’ के साथ ‘भजन-भोजन-भंडारे’ भक्ति और शक्ति को तृप्ति प्रदान कर रहे हैं।
कहीं बाइक रैली, कहीं सुंदरकांड, कहीं अखंड रामायण तो कहीं भंडारा, जिससे जो बन पड़ रहा है सब अपनी-अपनी भक्ति में लीन हैं। नगर की ऐतिहासिक श्री मेहंदीपुर बालाजी भक्त मंडल समिति बैतूल की रथ यात्रा के ढोल-धमाके-आतिशबाजी, साहस का संचार कर रहे हैं। उसके ऊपर भगवामय धर्म ध्वजा गगन में लहराती हुई गौरवान्वित कर रही है।
गर्ग कॉलोनी के अखाड़े अपना ‘हैरतअंगेज प्रदर्शन’ करके सनातन की शक्ति का सामर्थ्य बता रहे हैं। सुबह से ही जय श्री राम, जय हनुमान ज्ञान गुणसागर, चालीसा के पाठ के साथ ब्रम्हमुहूर्त से ही हनुमान जन्मोत्सव पर पूजा अर्चना मंदिरों में प्रारंभ हुई। मंदिरों की घंटी, शंख और वेदमंत्र की आवाजों का 2 वर्ष से लगे कोरोना में प्रतिबंध समाप्त होने पर दद्दा के भक्तों में विशेष उत्साह दिख रहा है।



