Fraud : पटवारी और कोटवार मिल कर बेच रहे सेवा भूमि की सरकारी जमीन, शिकायत के बावजूद नहीं हो रही कार्रवाई

बैतूल जिले की आमला तहसील के हरन्या गांव में कोटवार को सेवा काल में खेती करने मिलने वाली सरकारी जमीन में फर्जीवाडा कर खरीद-फरोख्त किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में सरकारी जमीन के दस्तावेजों में कूटरचना कर पटवारी और कोटवार द्वारा मिलीभगत कर बेचे जाने की शिकायत कलेक्टर कार्यालय में की गई है। शिकायत के अनुसार पूर्व में भी इस संबंध में शिकायतें हुई हैं, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसके चलते शासकीय जमीन बेचकर लाखों रुपए के वारे न्यारे किए जा रहे हैं।
इस मामले में शिकायतकर्ता नवनीत सिंह सलूजा ने बताया कि पटवारी नितेश पवार तहसील आमला में एवं ग्राम कोटवार खेमचंद पंडोले ग्राम हरन्या में पदस्थ हैं। ग्राम हरन्या में कोटवार खेमचंद पंडोले को भूमाफी में प्राप्त भूमि खसरा क्रमांक-366 को पटवारी एवं ग्राम कोटवार ने मिलीभगत करते हुए नोटरी के द्वारा कन्हैयालाल को विक्रय कर दी है।

इसी प्रकार खसरा क्रमांक-366 में से ग्राम कोटवार के द्वारा सरकारी जमीन को विक्रय किया जा रहा हैं। पटवारी नितेश पवार को उपरोक्त कृत्य की जानकारी होने के बावजूद कोटवार के विरूद्ध किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की जा रही हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने इस मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी लेकिन आज पर्यंत तक पटवारी और कोटवार के विरूद्ध किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की गई है।
पटवारी के खिलाफ अवैध प्लाटिंग के आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार पटवारी नितेश पवार एवं ग्राम कोटवार खेमचंद पंडोले जमीनों में सहखातेदार हैं। इसी के चलते दोनों ने मिलकर कई जमीनों को क्रय कर साझेदारी में विक्रय किया है। पटवारी के द्वारा बिना शासन की अनुमति के अवैध प्लाटिंग की जा रही है। इस मामले में शिकायतकर्ता नवनीत सलूजा ने पटवारी नितेश पवार एवं ग्राम कोटवार खेमचंद की आय से अधिक संपत्ति की जांच करते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
मुझे इसकी जानकारी नहीं है। मैं देखता हूं कि क्या मामला है।
संजय बारस्कर
नायब तहसीलदार, आमला
———
मै इस बारे में कुछ नहीं कह सकता। नायब साहब का क्षेत्र है, आप उन्ही से चर्चा कीजिए।
सुनील वसूले
आरआई, आमला



