Betul Weather News: झमाझम बारिश जारी, जलाशयों के गेट खोले, बंसल कंपनी ने खेत में छोड़ा पानी, फसल बर्बाद
Betul Weather News: Heavy rains continue, gates of reservoirs opened, Bansal company released water in the field, crop ruined
Betul Weather News: (बैतूल)। जिले में सोमवार शाम से शुरू हुई झमाझम बारिश गुरुवार को भी जारी है। इससे नदी-नालों में भरपूर पानी बहने लगा है। वहीं कुछ जलाशयों के लबालब होने पर गेट खोलकर पानी छोड़ना पड़ रहा है। इधर चिचोली के पास फोरलेन निर्माण कर रही बंसल कंपनी ने एक किसान के खेत में बारिश का पूरा पानी छोड़ दिया। जिससे उसकी पूरी फसल बर्बाद हो गई है। किसान ने मुआवजा दिए जाने की गुहार लगाई है।
जिले में लगातार हो रही बारिश से वर्षा का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। भीमपुर ब्लॉक में बीते 24 घंटे में 8.5 इंच वर्षा दर्ज की गई है, जबकि बैतूल ब्लॉक में 2 और चिचोली ब्लॉक में 4 इंच वर्षा हुई है। लगातार वर्षा से जिले के जलाशयों में भी जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलाशयों की सुरक्षा के लिए जल स्तर सुरक्षित लेबल पर बनाए रखने के लिए गेट भी खोले जा रहे हैं।
सतपुड़ा के पांच और पारसडोह के दो गेट खोले
सारणी में सतपुड़ा ताप विद्युत गृह के सतपुड़ा जलाशय का एक और सिंचाई विभाग के पारसडोह जलाशय के दो गेट खोलकर ताप्ती नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में तेज वर्षा से सतपुड़ा जलाशय में जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। विद्युत गृह प्रबंधन द्वारा मंगलवार रात में जलाशय के पांच गेट दो-दो फीट की ऊंचाई पर खोलकर तवा नदी में प्रति सेकंड 8360 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। रात करीब 12 बजे चार गेट बंद कर दिए गए और एक गेट बुधवार से गुरुवार सुबह तक खुला रखा गया है।
मुलताई तहसील में ताप्ती नदी पर बनाए गए पारसडोह जलाशय में भी जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। 31 जुलाई तक जलाशय में जल स्तर 636.07 फीट बनाए रखना है। मंगलवार रात में जल स्तर 636.62 फीट पर पहुंच गया था। इसी वजह से जलाशय के दो गेट 30–30 सेमी खोलकर ताप्ती नदी में पानी छोड़ा जा रहा है।
जल संसाधन विभाग के द्वारा प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी गई है ताकि ताप्ती नदी के किनारे के क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा सके। गुरुवार को भी दो गेट खुले हुए हैं जिनसे 72.82 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड बाहर निकाला जा रहा है।
24 घंटे में 52 मिमी वर्षा दर्ज
बैतूल जिले में बुधवार सुबह आठ बजे से गुरुवार सुबह आठ बजे तक 52 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा भीमपुर विकासखंड में 215 मिमी हुई है। इस साल जिले में सबसे ज्यादा 592 मिमी बारिश भीमपुर में और 592 मिमी बारिश भैंसदेही में दर्ज की गई है। गुरुवार सुबह से वर्षा का दौर जारी रहने से जनजीवन खासा प्रभावित हो रहा है। जिले में इस सीजन में अब तक 321.3 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 490.5 मिमी वर्षा हुई थी।
यहां देखें वीडियो…..
इधर खेत में बहा दिया हाईवे का पूरा पानी
बैतूल-इंदौर फोरलेन बना रही बंसल कंपनी की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। कंपनी ने जोगली में किसान बालाराम रावते के खेत की पूरी फसल बर्बाद कर दी है। बालाराम ने बताया कि कंपनी ने एक किलोमीटर दूर से पानी लाकर पूरा बारिश का पानी उसके खेत में बहा दिया। इससे खेत की पूरी फसल बर्बाद हो गई है। यह खेत राजेश राठौर का है जिसे वे 40 हजार रुपए वार्षिक ठेके पर जोतते हैं। कंपनी की मनमानी से वे अब ना तो ठेके की राशि दे सकेंगे और ना ही परिवार का पेट पाल सकेंगे।
तहसीलदार को दिया था आवेदन
कंपनी द्वारा लगातार यह मनमानी की जा रही है। यही वजह है कि उन्होंने विगत 6 जुलाई को चिचोली तहसीलदार और क्षेत्रीय पटवारी को आवेदन देकर कंपनी से पानी निकासी के लिए नाली बनवाए जाने की मांग की थी। इसके बावजूद नाली निर्माण नहीं किया गया। इससे उनकी फसल तबाह हो गई है। उन्होंने इसका उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है, अन्यथा आत्महत्या करने की चेतावनी दी है।
इस चार्ट में देखें जिले में बारिश की स्थिति…

सतपुड़ा के पांच और पारसडोह के दो गेट खोले
तहसीलदार को दिया था आवेदन


