Madhya Pradesh Heavy Rain Alert: मध्यप्रदेश में 3 दिनों तक भारी बारिश, बिदाई के बीच झमाझम का दौर
Madhya Pradesh Heavy Rain Alert: मध्यप्रदेश में कई जिलों से मानसून अलविदा कह चुका है, वहीं कुछ जिलों में आने वाले तीन दिन फिर से तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इंदौर और जबलपुर संभाग में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि भोपाल में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिलेगी। शनिवार को धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट जैसे जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
शनिवार को टीकमगढ़ में सुबह से ही आसमान में काले बादल छा गए। थोड़ी देर बाद ही यहां बारिश भी शुरू हो गई। यही हाल बैतूल जिले में भी है। सुबह से ही यहां कभी हल्की तो कभी तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बरसात से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस से राहत मिली।
नर्मदापुरम में भी लगातार बारिश
इसी तरह नर्मदापुरम जिले का तवा डैम भी तेजी से भरने लगा है। बांध के कैचमेंट एरिया में खासकर पचमढ़ी और आसपास के ऊपरी इलाकों में भारी बारिश होने के कारण डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

तवा डैम का गेट खोला गया
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शनिवार सुबह छह बजे तवा डैम का एक गेट पांच फीट तक खोलना पड़ा। इससे पानी का बहाव बढ़ा और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया। इसके पहले शुक्रवार रात को इटारसी और नजदीकी क्षेत्रों में भी रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई थी।
कई जिलों से हो चुकी मानसून की विदाई
प्रदेश के 11 जिलों से मानसून पूरी तरह लौट चुका है। इनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर और रतलाम शामिल हैं। इसके अलावा उज्जैन, राजगढ़ और अशोकनगर के कुछ हिस्सों से भी मानसून विदा हो गया है। हालांकि शेष प्रदेश में अभी भी बादल सक्रिय हैं और बारिश का दौर जारी है।

शुक्रवार को इन जिलों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, सतना, सिवनी, सीधी, उमरिया, बालाघाट और पचमढ़ी में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पचमढ़ी में तो आधा इंच से अधिक पानी गिरा। इन इलाकों में बरसात से किसानों को राहत मिली और खरीफ फसलों को फायदा हुआ।
दक्षिणी हिस्से में सक्रिय टर्फ बना कारण
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में एक टर्फ लाइन बनी हुई है। इसी वजह से निचले इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे में यह टर्फ और सक्रिय होगा, साथ ही लो प्रेशर एरिया भी ताकत पकड़ लेगा। इसका असर यह होगा कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिलेगी।
कोटा पूरा करके बिदा हुआ मानसून
प्रदेश के जिन जिलों से मानसून लौट गया है, वहां सीजन के दौरान सामान्य से ज्यादा पानी गिर चुका है। गुना में अब तक 65.4 इंच बारिश हुई, जबकि वहां औसत से कम की उम्मीद थी। दतिया में 29.3 इंच की जगह 33.7 इंच, शिवपुरी में 55 इंच, रतलाम में 48.5 इंच, मंदसौर में 33.7 इंच और आगर-मालवा में 39 इंच बारिश दर्ज की गई। इसका मतलब है कि इन जिलों में मानसून विदा होने से पहले ही औसत से अधिक पानी गिर चुका है।
अब तक हुई बारिश का आंकड़ा
मौसम विभाग के अनुसार, 16 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 44.2 इंच पानी गिर चुका है। जबकि सामान्य स्थिति में इस अवधि तक 37 इंच बारिश होना चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक 7.2 इंच अधिक पानी गिर चुका है। प्रतिशत के हिसाब से देखें तो यह औसत से करीब 119 प्रतिशत ज्यादा है। राज्य में बारिश का सामान्य कोटा पिछले हफ्ते ही पूरा हो गया था।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



