Betul Samachar : खबर का असर… हड़ताल के बावजूद जारी रहेगा खाद वितरण, “बैतूल अपडेट” ने उठाया था मुद्दा
Betul Samachar: Impact of the news... Fertilizer distribution will continue despite the strike, "Betul Update" had raised the issue

Betul Samachar : बैतूल। सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद जिले के किसानों को खाद मिलने में कोई दिक्कत नहीं होगी। “बैतूल अपडेट” ने आज ही यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। जिसमें गोदामों में खाद होने के बावजूद किसानों को नहीं मिलने और उनके परेशान होने की बात प्रमुखता से सामने लाई गई थी। इस खबर को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने ऐसी व्यवस्था बना दी है कि हड़ताल के बावजूद किसानों को खाद मिलना जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि कोऑपरेटिव सोसायटी कर्मचारी संघ द्वारा अनिश्चित कालीन हडताल की घोषणा से कृषकों द्वारा यूरिया प्राप्ति को लेकर चिंता व्यक्त की गई थी। यही नहीं आमला के मोरखा में स्थित सोसाइटी का किसानों ने कल घेराव भी किया था। “बैतूल अपडेट” ने इस समस्या को “गोदाम में भरी है खाद, लेकिन नहीं मिल रही किसानों को, सोसायटी का किया घेराव” शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन के संज्ञान में लाया था।

इस संबंध में 26 अगस्त को कलेक्टर जिला बैतूल के निर्देशानुसार सभी उर्वरक व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की बैठक जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक में की गई। जिसमें विशेष रूप से आमंत्रित अध्यक्ष कोऑपरेटिव सोसायटी कर्मचारी संघ जिला बैतूल ने बताया कि यूरिया की कृषकों की तत्कालीन जरूरतों को देखते हुए संघ के कर्मचारी यूरिया खाद का समितियों से वितरण जारी रखेंगे। इस प्रकार जिले में समितियों के नियमित सदस्य यूरिया का उठाव अपनी समिति से कर सकते हैं। आज भी समितियों से किसानों द्वारा यूरिया का उठाव किया गया है।
Betul News: गोदाम में भरी है खाद, लेकिन नहीं मिल रही किसानों को, सोसायटी का किया घेराव
दिक्कत होने पर इस नंबर पर करें संपर्क
जिले में धान व मक्का हेतु कृषक यूरिया का लगातार उठाव कर रहे हैं। वर्तमान में जिले में 4553 मेट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। जिले की सभी 91 सहकारी समितियों के अलावा मार्कफेड के अधीन 11 केंद्रों तथा एमपी एग्रो के अधीन 1 केन्द्र से कृषकों को यूरिया का प्रदाय जारी है। कृषि विभाग द्वारा अपने स्टाफ की डयूटी चयनित उर्वरक निजी विक्रेताओं स्तर पर लगाई गई है जिससे गैर ऋणी तथा डिफाल्टर कृषकों को यूरिया प्राप्त करनें में किसी भी प्रकार की समस्या ना हो। कृषक यूरिया प्राप्ति में समस्या होने पर कार्यालयीन समय में दूरभाष क्रमांक- 07141-299262 पर सूचना देकर निवारण प्राप्त कर सकते हैं।



