Betul News: यहां एकत्रित हुए 35 गांवों के किसान, इस मांग को लेकर कर रहे विशाल प्रदर्शन
Betul News: Farmers of 35 villages gathered here, protesting for this demand
▪️ राकेश अग्रवाल, मुलताई
Betul News: बैतूल जिले के मुलताई में आज 35 गांव के एक हजार से ज्यादा किसान जुटे हुए हैं। किसानों की मांग है कि उन्हें पारसडोह एवं वर्धा बांध से नहर दी जाए। यदि उन्हें नहर नहीं दे सकते तो किसानों का कहना है कि उन्हें जहर दे दिया जाए। किसानों का कहना है कि जब तक उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
किसानों ने आरोप लगाया कि बांध बनने से पहले जब उनकी जमीनों का अधिग्रहण किया गया था तो उन्हें बताया गया था कि उनके गांव में भी नहर आएगी एवं उन्हें पानी मिलेगा, लेकिन बांध बनने के बाद अब उनके साथ छलावा किया जा रहा है और उन्हें नहर का लाभ नहीं दिया जा रहा है।
मुलताई में आज मासोद, दातोरा, सावंगी, बायगांव, शिरडी, चकोरा, गेहूबरसा, चिखली, रैयतवाड़ी, इटावा, रायआमला, आष्ठा, बलेगाव, मीरापुर, तिवरखेड़, वण्डली सहित 35 गांव के किसान आंदोलन के लिए पहुँचे हैं।
- Also Read: Betul Update: वन विभाग के सुरक्षा श्रमिक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर, जिला अस्पताल में कराया भर्ती
किसानों ने नहर दो या जहर दो का नारा बुलंद किया है। उनका कहना है कि गांव में पानी की कमी है एवं फसलें पैदा नहीं हो पाती है। बांध बनने से पहले उन्हें अधिकारियों सहित नेताओं ने आश्वासन दिया था कि उनके गांव को भी नहर का लाभ मिलेगा। जिसके चलते उन्होंने अपनी जमीन प्रशासन को दे दी। अब बांध बनने के बाद और सर्वे पूरा होने के बाद भी उन्हें नहर का लाभ नहीं दिया जा रहा है। जिसको लेकर उनके द्वारा पिछले 1 साल से आंदोलन किया जा रहा है। गांव में सर्वे हुआ था एवं गड्ढे भी खोदे गए थे, लेकिन इसके बाद अचानक काम रोक दिया गया और नहर का लाभ दूसरे गांव के लोगों को दे दिया गया है। किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया है एवं मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की है। समस्या का समाधान नहीं होने तक उन्होंने आंदोलन जारी रखने की बात कही है।



