Heavy Rain Alert MP: मध्यप्रदेश में सक्रिय दो सिस्टम से बढ़ी बारिश की रफ्तार, आज 13 जिलों के लिए अलर्ट
Heavy Rain Alert MP: मध्यप्रदेश में इस समय मानसून का दौर चरम पर है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ऊपर एक साथ दो मजबूत सिस्टम सक्रिय हैं, जिनकी वजह से बारिश का सिलसिला तेज हो गया है। शुक्रवार को इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के 13 जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। अगले तीन दिनों तक यह स्थिति बनी रहने के आसार हैं।
किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञानियों ने बताया कि जिन जिलों में ज्यादा बारिश होने का खतरा है, उनमें धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। इन जिलों में 24 घंटे में ढाई से साढ़े चार इंच तक पानी गिर सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का यह अनुमान
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि वर्तमान समय में मानसून टर्फ और लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) सक्रिय है। इसकी वजह से गुरुवार को भोपाल, इंदौर और आसपास के जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली। यही हालात अगले 24 से 48 घंटों तक बने रह सकते हैं।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज वर्षा होती रहेगी। खासकर नर्मदापुरम, इंदौर और जबलपुर संभाग के जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा भोपाल और सागर संभाग के कुछ जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है।
राजधानी और बड़े शहरों में बारिश से बिगड़े हालात
गुरुवार को राजधानी भोपाल में जमकर बरसात हुई। शहर की कई सड़कों पर एक से दो फीट तक पानी भर गया। पीएचक्यू के पीछे छोटे तालाब के किनारे सड़क डूब जाने से लंबा जाम लग गया। पुराने शहर के इलाकों में भी जलभराव की समस्या ने लोगों को परेशान किया।
इंदौर और रायसेन में भी बारिश का असर
इंदौर और रायसेन की सड़कों पर भी भारी बारिश के कारण जगह-जगह पानी भर गया। रायसेन में पौने दो इंच बारिश दर्ज की गई जबकि छिंदवाड़ा में सवा इंच पानी गिरा। इसी तरह गुना, शाजापुर, धार, उज्जैन, दमोह, खजुराहो, मंडला और उमरिया समेत कई जिलों में लगातार वर्षा जारी रही।
गुना और मंडला में सबसे ज्यादा बारिश
इस बार मानसून में गुना जिले ने सबसे ज्यादा 53.8 इंच पानी प्राप्त किया है। मंडला भी इससे पीछे नहीं है और यहां 53.3 इंच वर्षा हो चुकी है। इसके अलावा अशोकनगर में 50.9 इंच, शिवपुरी में 50.1 इंच और श्योपुर में 50.2 इंच बारिश दर्ज की गई है।
इंदौर संभाग सबसे पीछे
जहां कुछ जिलों में बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिए, वहीं इंदौर संभाग सबसे कमजोर साबित हुआ है। इंदौर जिले में अब तक केवल 17.8 इंच बारिश हुई है। इसके अलावा बुरहानपुर में 20.1 इंच, खरगोन में 19.5 इंच, खंडवा में 20.9 इंच और बड़वानी में 20.5 इंच वर्षा दर्ज की गई है।
- Read Also: Betul JD inspection: जेडी का औचक निरीक्षण: 16 कर्मचारी नदारद, नोटिस जारी; प्राचार्य पर भी गाज
पूरे प्रदेश में बारिश की यह स्थिति
16 जून को जब से मानसून ने मध्यप्रदेश में दस्तक दी है, तब से अब तक औसतन 36.2 इंच बारिश हो चुकी है। जबकि इस समय तक सामान्य रूप से 29.6 इंच पानी गिरना चाहिए था। यानी अभी तक लगभग 6.6 इंच अतिरिक्त वर्षा हो चुकी है।
मध्यप्रदेश में सामान्य बारिश का औसत 37 इंच है और अब तक 90 प्रतिशत से ज्यादा कोटा पूरा हो चुका है। केवल 0.8 इंच पानी और गिरते ही इस बार भी बारिश का टारगेट पूरा हो जाएगा। पिछली बार 44 इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई थी।
ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में ज्यादा बरसे बादल
पूर्वी मध्यप्रदेश में मानसून इस बार खासा मेहरबान रहा है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के जिलों में लगातार भारी बारिश हुई है। छतरपुर, मंडला और टीकमगढ़ में तो कई बार बाढ़ जैसी स्थिति बन गई।
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र भी इस बार पीछे नहीं रहा। यहां के 8 जिलों में से 7 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश हो चुकी है। ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, भिंड, मुरैना और श्योपुर ने बारिश का कोटा पार कर लिया है। दतिया में भी 96 प्रतिशत से अधिक वर्षा हो चुकी है।
बारिश से जनजीवन पर असर
राजधानी से लेकर जिलों तक बारिश ने सड़कों को तालाब बना दिया है। कई जगह वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। बाजारों में भी पानी भर जाने से कारोबार प्रभावित हुआ। गांवों में कच्ची सड़कों कीचड़ में तब्दील हो गई हैं, जिससे लोगों को आवाजाही में मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं।
किसानों के लिए राहत की खबर
जहां शहरों में जलभराव परेशानी बना, वहीं किसानों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं है। अच्छी वर्षा से सोयाबीन, मक्का और धान जैसी फसलों को फायदा मिलेगा। अब तक हुई बारिश से खरीफ सीजन की खेती को पर्याप्त नमी मिल गई है।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



