Betul Samachar: महंगा पड़ा सम्बल योजना की अनुग्रह राशि रोकना, कलेक्टर ने रोका पांच दिन का वेतन
Betul Samachar: मंगलवार को बैतूल कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सुबह 11 बजे से शुरू हुई इस सुनवाई में जिले के अलग-अलग गांवों और वार्डों से आए लोगों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई की अध्यक्षता कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने की। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। जनसुनवाई में कुल 135 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया।
मकान गिरने पर सहायता राशि दिलाने के निर्देश
सबसे पहले मुलताई तहसील के ग्राम गेहूं बारसा निवासी जगदीश सूर्यवंशी ने आवेदन देकर बताया कि अगस्त माह में भारी बारिश के कारण उनका मकान ढह गया। इस घटना से वह और उनका परिवार कठिनाई में है तथा उन्हें अनुग्रह सहायता राशि की जरूरत है। कलेक्टर ने जब मामले की जांच करवाई तो पाया गया कि तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू की लापरवाही के कारण सहायता राशि समय पर स्वीकृत नहीं हो सकी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित बाबू का पांच दिन का वेतन काटने और प्रभावित परिवार को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश तहसीलदार को दिए।

शिक्षिका ने वेतन और राशि लौटाने की रखी मांग
ग्राम सावंगी निवासी रसना सूर्यवंशी ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि उन्होंने बैतूल-इटारसी रोड स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्य किया था। नौकरी के समय उनसे डिपॉजिट राशि ली गई थी और कई महीनों तक मानदेय भी नहीं दिया गया। उनका कहना था कि सितंबर से अप्रैल तक के वेतन सहित कुल 22,333 रुपये की राशि स्कूल प्रबंधन ने अभी तक अदा नहीं की है। कलेक्टर ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए श्रम विभाग के अधिकारियों को तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भाइयों द्वारा आवास निर्माण रोकने की शिकायत
शाहपुर तहसील के ग्राम भौंरा निवासी दीपक महोबिया ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ है, लेकिन उनके ही भाई उन्हें अपनी ही जमीन पर मकान बनाने से रोक रहे हैं। इस विवाद की वजह से योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा। कलेक्टर ने शाहपुर तहसीलदार को मामले की जांच कर तुरंत समाधान निकालने के निर्देश दिए।

अतिक्रमण से प्रभावित हो रहा मार्ग
मुलताई तहसील के ग्राम सोनोरा निवासी कृष्णराव देशमुख और अन्य ग्रामीणों ने गांव में हुए अवैध अतिक्रमण की शिकायत की। ग्रामीणों का कहना था कि अतिक्रमण की वजह से रास्ते और सार्वजनिक जगहें प्रभावित हो रही हैं। कलेक्टर ने मुलताई तहसीलदार को मौके पर जाकर जांच करने और अवैध कब्जे हटाने के आदेश दिए। इसी तरह ग्राम बरई निवासी भारत बोबडे ने भी अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कलेक्टर ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
आवेदन देने के बावजूद नामांतरण नहीं
बैतूल के बडोरा निवासी ऋषिराम सरले ने नामांतरण किए जाने की मांग की। उनका कहना था कि कई दिनों से आवेदन देने के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। कलेक्टर ने बैतूल तहसीलदार को शीघ्र नामांतरण कर आदेश जारी करने के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : Betul News Today: लापरवाही पर कलेक्टर सख्त; सभी SDO, चिचोली CEO, NT भैंसदेही और तहसीलों के बाबुओं का कटेगा वेतन
संबल योजना का कार्ड बनाने की मांग
मुलताई तहसील के ग्राम कुटखेड़ी निवासी नरेंद्र गलफट ने आवेदन देकर संबल कार्ड बनवाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि संबल योजना का लाभ उन्हें अभी तक नहीं मिल पाया है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को तुरंत प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अपडेट न होने की शिकायत
बैतूल नगर के कंपनी गार्डन आर्य वार्ड निवासी अशोक टेकाम ने शिकायत की कि उनके ग्राम पाढर बुजुर्ग स्थित आवासीय प्लाट की रजिस्ट्री हो चुकी है और संशोधन भी दर्ज है, लेकिन ऑनलाइन रिकॉर्ड में यह प्रविष्टि अब तक अपडेट नहीं की गई। कलेक्टर ने घोड़ाडोंगरी तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई कर रिकॉर्ड में तुरंत सुधार दर्ज करने के निर्देश दिए।
बैंक खाता नहीं होने से नहीं मिल रहा लाभ
ग्राम सुरगांव निवासी राधेश्याम सोनी ने अपने बच्चों के बैंक खाते खोलने की मांग करते हुए आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि खाते न होने से शैक्षणिक योजनाओं और छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा। इस पर कलेक्टर ने एलडीएम को बच्चों के खाते तुरंत खोलने के निर्देश दिए।
- यह भी पढ़ें : MP Canal Renovation: आधा सैकड़ा से ज्यादा नहरों का करोड़ों रूपये से होगा कायाकल्प, आखरी छोर तक पहुंचेगा पानी
प्रधानमंत्री आवास को लेकर मिली कई शिकायतें
मुलताई के ताप्ती वार्ड निवासी देवकी पति राजेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराने की मांग की। उनका कहना था कि वह लंबे समय से योजना का लाभ पाने के लिए आवेदन कर रही हैं, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को तुरंत मामले का समाधान करने के लिए निर्देशित किया। इसी तरह ग्राम मासोद निवासी गोवर्धन चौरे ने भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिलाए जाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत के अधिकारियों को प्रकरण का शीघ्र निराकरण करने के आदेश दिए।
आवासीय पट्टे के लिए आवेदन
बैतूल मुख्यालय के हमलापुर निवासी जमुना विश्वकर्मा ने कलेक्टर को आवेदन देकर आवासीय पट्टा दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मिली कई समस्याएं
इनके अलावा भी जनसुनवाई में कई तरह की समस्याएं सामने आईं। किसी ने भूमि विवाद के समाधान की गुहार लगाई, तो किसी ने शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित रहने की शिकायत दर्ज कराई। कई लोगों ने बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियां भी बताईं। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जाए और आमजन को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की लापरवाही न हो।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



